प्राइम टाइम/गोगुंदा: उपखंड क्षेत्र गोगुंदा के मजावडी में 5 दिसंबर को रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता उपखंड अधिकारी शुभम भैसारे ने की।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं और अपनी समस्याएँ एवं शिकायतें प्रस्तुत कीं। उपखंड अधिकारी ने इन परिवादों को गंभीरता से सुना।

कई शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण किया गया। संबंधित अधिकारियों को अन्य परिवादों के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। रात्रि चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना और जनसुनवाई को प्रभावी बनाना था, जिसमें सभी अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। मजावडी सरपंच कमला गमेती ने शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्वेश्य से मजावडी पंचायत के जोगियों का खेत स्थित स्कूल में खेल मैदान के लिए भूमि आवंटित करवाने, मजावडी स्कूल के लिए खेल मैदान बनवाने, शमशान के लिए भूमि आवंटित करने, जोगियों का खेत स्कूल में अवैध कब्जा खाली करवाने, मजावडी पंचायत के अंतर्गत आने वाली आंगनवाड़ियों की मरमत करवाने, लंबे समय से चारागाह भूमि में बसे परिवारों को आबादी भूमि में सम्मिलित करने जैसी समस्याओं से उपखंड अधिकारी को अवगत कराया।

इस मौके पर गोगुंदा तहसीलदार प्रवीण सैनी, गोगुंदा विकास अधिकारी महिप सिंह, नायब तहसीलदार गणेश लाल, मजावडी वीडियो भगवती लाल प्रजापत, सरपंच कमला देवी, उपसरपंच अम्बा लाल, समाजसेवी पुष्पेंद्र गमेती सहित अन्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।
