मिट्टी के अखाड़े में सुबह-शाम की मेहनत लाई रंग, राष्ट्रीय स्तर पर करेंगी राजस्थान का प्रतिनिधित्व
उदयपुर। झुंझुनूं जिले में आयोजित राज्य स्तरीय पारंपरिक भारतीय शैली (मिट्टी की कुश्ती) प्रतियोगिता की चयन ट्रायल में उदयपुर की महिला पहलवान पलक सोनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। इस उपलब्धि के साथ ही पलक सोनी उदयपुर की पहली महिला पहलवान बन गई हैं, जो भारतीय पारंपरिक शैली की राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में शहर का प्रतिनिधित्व करेंगी।
श्री चतुर्भुज हनुमान राष्ट्रीय व्यायामशाला, हरिदास जी की मगरी, उदयपुर की पहलवान पलक सोनी ने चयन ट्रायल में अपने बेहतरीन कुश्ती कौशल, दमदार तकनीक और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर प्रतिद्वंद्वी पहलवानों को पराजित किया। उनके इस प्रदर्शन से व्यायामशाला सहित कुश्ती जगत में खुशी की लहर है।

मिट्टी के अखाड़े में नियमित अभ्यास से मिली सफलता
कुश्ती कोच हेमंत अठवाल ने बताया कि पलक सोनी भारतीय पारंपरिक सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता की तैयारी के लिए व्यायामशाला के मिट्टी के अखाड़े में नियमित रूप से सुबह और शाम कठिन प्रशिक्षण ले रही थीं। लगातार मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ उन्होंने अपनी कुश्ती तकनीक को निखारा, जिसका परिणाम राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में देखने को मिला।
व्यायामशाला के संचालक कृष सेन ने बताया कि आगामी 18 एवं 19 नवंबर को उत्तर प्रदेश के आगरा में भारतीय शैली की सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें पलक सोनी राजस्थान की ओर से भाग लेकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

कुश्ती संघ के पदाधिकारियों ने दी बधाई
पलक सोनी की इस उपलब्धि पर उदयपुर जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं उदयपुर महापौर पारस सिंघवी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सिद्धार्थ शर्मा, उपाध्यक्ष प्रह्लाद चौहान, संयुक्त सचिव देवेंद्र शाहू सहित संघ के पदाधिकारियों और उदयपुर के पहलवानों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि पलक राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर राजस्थान और उदयपुर का नाम रोशन करेंगी। उनकी यह उपलब्धि उदयपुर की महिला कुश्ती के लिए गौरव का विषय होने के साथ ही अन्य बालिकाओं और महिला पहलवानों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।