एरिया डोमिनेशन व रेड अभियान में 180 पावर बाइक जब्त, 81 पूर्व चालानशुदा अपराधियों को पाबंद किया
उदयपुर, 16 सितंबर। उदयपुर पुलिस ने अपराधियों और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बुधवार को पूरे जिले में व्यापक रेड एवं एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 572 संदिग्ध एवं अपराधियों के ठिकानों पर दबिश देकर 156 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 180 पावर बाइक जब्त की गईं।

पुलिस के अनुसार जिलेभर में 108 पुलिस टीमों में शामिल करीब 610 पुलिसकर्मियों ने अलसुबह एक साथ दबिश दी। अभियान में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, हिस्ट्रीशीटर, हार्डकोर अपराधी, बॉडी ऑफेंस तथा पूर्व में चालानशुदा अपराधियों के ठिकानों को विशेष रूप से निशाना बनाया गया। इसके साथ ही संदिग्ध एवं बिना नंबर तथा वैध दस्तावेजों के संचालित वाहनों की भी सघन चेकिंग की गई।
13 प्रकरण दर्ज, 156 आरोपी गिरफ्तार
अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में कुल 13 प्रकरण दर्ज किए। इनमें एनडीपीएस एक्ट के 6 नए प्रकरणों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इन मामलों में करीब 2.840 किलो गांजा, 102.10 ग्राम अफीम तथा 1.75 ग्राम एमडीएमए बरामद किया। आर्म्स एक्ट के 2 नए मामलों में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आबकारी अधिनियम के 3 नए मामलों में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा सामान्य मामलों में वांछित 2 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान पूर्व के चालानशुदा अपराधियों में से 81 को धारा 170, 172 एवं 129 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के तहत पाबंद किया गया। वहीं 40 स्थायी वारंट एवं 15 गिरफ्तारी वारंट का निस्तारण किया गया।
हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधियों की भी चेकिंग
पुलिस टीमों ने जिले के टॉप एवं आदतन बदमाशों के ठिकानों पर अचानक रेड कर उनकी वर्तमान गतिविधियों और स्थिति की जांच की। 82 हिस्ट्रीशीटरों और 2 हार्डकोर अपराधियों के घर दबिश देकर पूछताछ की गई तथा संपत्ति संबंधी जानकारी जुटाई गई।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, अवैध मादक पदार्थ एवं हथियारों का संग्रहण, सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन अथवा शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने अपराधियों, तस्करों और उन्हें संरक्षण देने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही।
हिस्ट्रीशीटर दिलीप नाथ व साथियों का अवैध अतिक्रमण ध्वस्त
एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में पुलिस-प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई, करीब एक करोड़ की सरकारी जमीन कराई अतिक्रमण मुक्त
उदयपुर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उदयपुर पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर दिलीप नाथ एवं उसके साथियों द्वारा सरकारी जमीन पर किए गए कथित अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में की गई। हिस्ट्रीशीटर दिलीप नाथ एवं उसके साथियों द्वारा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस-प्रशासन ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान मौके पर किए गए अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया। संबंधित सरकारी भूमि की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ उनके द्वारा किए गए अवैध कब्जों और अतिक्रमण की भी जांच की जा रही है। पुलिस-प्रशासन की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।