Explore

Search

November 11, 2026 11:30 pm

दूध की दरों में बढ़ोतरी नहीं होने और लगातार पशु आहार की बढ़ती कीमतों के खिलाफ दुग्ध उत्पादक लामबंद, आंदोलन की तैयारी

गणेश जी का गुड़ा में हुई बैठक, ताराशंकर पुरोहित को सौंपी कमेटी अध्यक्ष की जिम्मेदारी

 

गोगुंदा। क्षेत्र में दूध की दरों में लंबे समय से बढ़ोतरी नहीं होने और दूसरी ओर पशु आहार की कीमतों में लगातार हो रही अप्रत्याशित वृद्धि से परेशान दुग्ध उत्पादकों एवं डेयरी संचालकों ने अब अपने हक की आवाज बुलंद करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी को लेकर बुधवार को गोगुंदा के गणेश जी का गुड़ा गांव में क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों, पशुपालकों एवं डेयरी संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में मौजूदा परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए दूध की दरों में उचित बढ़ोतरी की मांग को लेकर बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई।

बैठक में उपस्थित दुग्ध उत्पादकों एवं डेयरी संचालकों ने कहा कि पिछले लंबे समय से दूध की खरीद दरों में कोई विशेष बढ़ोतरी नहीं हुई है, जबकि पशुओं के लिए उपयोग होने वाले आहार एवं अन्य आवश्यक सामग्री की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में पशुपालकों के सामने पशुओं के रखरखाव और दुग्ध उत्पादन की लागत निकालना भी चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। बढ़ती लागत और दूध की स्थिर दरों के कारण दुग्ध व्यवसाय से जुड़े लोगों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।

बैठक में वक्ताओं ने एकजुट होकर इस मुद्दे को व्यापक स्तर पर उठाने की आवश्यकता जताई। साथ ही तय किया गया कि दुग्ध उत्पादकों और डेयरी संचालकों को संगठित कर उनकी मांगों को उचित मंच तक पहुंचाया जाएगा तथा मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में बड़े आंदोलन की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे।

इस दौरान आंदोलन की आगामी रणनीति तैयार करने और क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों को एकजुट करने के लिए एक कमेटी का गठन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से वणी गांव के ताराशंकर पुरोहित को अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि सुख सिंह एवं हरिओम सिंह को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कमेटी गठन के बाद आगामी दिनों में आंदोलन को व्यापक रूप देने, अधिक से अधिक दुग्ध उत्पादकों एवं डेयरी संचालकों को जोड़ने तथा आगे की रणनीति तय करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित लोगों ने दूध की दरों में उचित वृद्धि और पशु आहार की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण की मांग को लेकर संगठित प्रयास करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर