गोगुंदा में गंगा गमेती व उपसरपंच सुरेश सोनी, पानेर में शंकरलाल गमेती और तिरोल में सोहनलाल गमेती ने ग्रहण की जिम्मेदारी, ग्रामीणों ने किया स्वागत

गोगुंदा। गोगुंदा उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोगुंदा, पानेर एवं तिरोल में बुधवार को नवनिर्वाचित सरपंचों एवं उपसरपंचों ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के साथ ही तीनों ग्राम पंचायतों में नए जनप्रतिनिधियों के कार्यकाल की शुरुआत हुई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, पंचायत कार्मिकों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में नवनिर्वाचित सरपंचों का स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
ग्राम पंचायत गोगुंदा में नवनिर्वाचित सरपंच गंगा गमेती एवं उपसरपंच सुरेश सोनी ने विधिवत रूप से पदभार संभाला। कार्यक्रम में विधायक प्रतापलाल गमेती ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए ग्राम पंचायत क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देने तथा ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने की बात कही। उन्होंने पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का आह्वान किया।

इस दौरान सरपंच गंगा गमेती एवं उपसरपंच सुरेश सोनी का ग्रामीणों ने स्वागत किया। नवनिर्वाचित सरपंच ने पंचायत क्षेत्र के विकास एवं ग्रामीणों के हित में कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। वहीं उपसरपंच सुरेश सोनी ने पंचायत के विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग करते हुए सभी वार्डों में समान रूप से विकास कराने तथा ग्रामीणों के साथ समन्वय बनाकर काम करने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली, मंडल अध्यक्ष निखिल कोठारी, पूर्व जिला मंत्री दयालाल चौधरी, ग्राम विकास अधिकारी अजित डामोर, सहायक सचिव गौरव आचार्य, सुरेश तेली, ओम सिंह, रोशन वेद एवं गोपाल वेद सहित सभी वार्ड पंच एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

इसी क्रम में पानेर ग्राम पंचायत में नवनिर्वाचित सरपंच शंकरलाल गमेती ने भी विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर पूर्व सरपंच भंवरी बाई गमेती ने अपने पति एवं नवनिर्वाचित सरपंच शंकरलाल गमेती को ग्राम पंचायत का कार्यभार सौंपा। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भंवरी बाई गमेती ग्राम पंचायत की सरपंच के रूप में कार्यरत थीं।
पदभार हस्तांतरण कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के वार्ड पंच एवं उपसरपंच उपस्थित रहे। इस दौरान वार्ड संख्या 1 से रुपाराम गमेती, वार्ड संख्या 2 से सोशर मेघवाल, वार्ड संख्या 3 से दीपाराम गमेती, वार्ड संख्या 4 से डाकू बाई राजपूत, वार्ड संख्या 5 से डाली बाई गमेती, वार्ड संख्या 6 से हिम्मत मेघवाल, वार्ड संख्या 7 से वरजू बाई गमेती तथा वार्ड संख्या 8 से रमेश ओड मौजूद रहे। वहीं वार्ड संख्या 9 से उपसरपंच देवी सिंह खरवड़ भी उपस्थित रहे। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने नवनिर्वाचित सरपंच का स्वागत कर शुभकामनाएं दीं तथा पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की अपेक्षा जताई।

वहीं ग्राम पंचायत तिरोल में नवनिर्वाचित सरपंच सोहन लाल गमेती एवं उपसरपंच रतन सिंह कुंभावत ने बुधवार को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के साथ ही ग्राम पंचायत में नए जनप्रतिनिधियों के कार्यकाल की शुरुआत हुई। इस अवसर पर पूर्व सरपंच प्रताप सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित सरपंच एवं उपसरपंच का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के विकास, जनसमस्याओं के समाधान एवं क्षेत्र में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार को लेकर नई पंचायत से उम्मीदें जताईं। नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के पदभार ग्रहण करने पर ग्रामवासियों में उत्साह का माहौल रहा।

तीनों ग्राम पंचायतों में नए जनप्रतिनिधियों के पदभार संभालने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में विकास एवं जनहित के कार्यों को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं। ग्रामीणों को आशा है कि नवनिर्वाचित सरपंच एवं उपसरपंच आपसी समन्वय के साथ पंचायत क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान करते हुए विकास कार्यों को गति देंगे।
