Explore

Search

November 2, 2026 11:05 am

गोगुंदा में पंचायती राज चुनाव के बाद खुशी का माहौल, पंचायतों में जीत पर मनाया जश्न

चाटियाखेड़ी, गोगुंदा, ओबरा खुर्द, ओबरा कला, गुंदाली, मजावडी, जसवंतगढ़, जुझारपुरा, मादा, मोडी, नांदेशमा और रावलिया खुर्द में जीत के बाद जश्न, कई पंचायतों में बदले राजनीतिक समीकरण

गोगुंदा। पंचायती राज चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद गोगुंदा उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला। चाटियाखेड़ी में कमलाराम गमेती ने 351 मतों से जीत दर्ज की, जबकि ओबरा खुर्द में भंवरी बाई पहली महिला सरपंच निर्वाचित हुईं। गोगुंदा में गंगा गमेती ने 590 मतों से जीत हासिल की, वहीं गुंदाली में गोपी बाई ने लगातार तीसरी बार सरपंच पद पर कब्जा जमाया। मजावडी में भानु प्रकाश गमेती 107 मतों से विजयी रहे, जबकि जसवंतगढ़ में कन्हैया लाल भील ने 237 मतों से जीत दर्ज कर राजनीतिक समीकरण बदल दिए। दूसरी ओर, जसवंतगढ़ से अलग होकर बनी नवगठित ग्राम पंचायत जुझारपुरा में गंगा बाई ने महज पांच मतों के अंतर से जीत हासिल की। मादा ग्राम पंचायत में भाजपा समर्थित अमर लाल ने कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राम सिंह राजपूत के समर्थित उम्मीदवार को 162 मतों से हराया। मोडी में प्रहलाद सिंह झाला के समर्थित प्रत्याशी ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की। यहां खमानी लाल गमेती 198 मतों से विजयी रहे। ओबरा कला में भाजपा समर्थित संतोषी गमेती ने 208 मतों से जीत हासिल की। नांदेशमा में वेणी राम गमेती ने चार उम्मीदवारों के बीच हुए मुकाबले में 39 मतों से जीत दर्ज की। वहीं रावलिया खुर्द में दुर्गा बाई ने 320 मतों से जीत हासिल की। यहां वार्ड पंच के चुनाव में भी बराबर मत मिलने के कारण लॉटरी से परिणाम निकाला गया। चुनाव परिणामों के बाद विभिन्न गांवों में समर्थकों ने  खुशी जाहिर की। इस दौरान सभी ग्राम पंचायतों में उपसरपंच पद के चुनाव भी संपन्न हुए।

चाटियाखेड़ी में कमलाराम गमेती 351 मतों से विजयी, दुर्गा देवी पालीवाल निर्विरोध उपसरपंच

चाटियाखेड़ी ग्राम पंचायत में सरपंच पद के चुनाव में कमलाराम गमेती ने 351 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें कुल 1202 मत प्राप्त हुए, जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी मंगीलाल गमेती को 851 मत मिले। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए विजय जुलूस निकाला। वहीं उपसरपंच पद पर दुर्गा देवी पालीवाल निर्विरोध निर्वाचित हुईं। निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नवनिर्वाचित सरपंच, उपसरपंच एवं वार्ड पंचों का ग्रामीणों ने स्वागत कर बधाई दी।

गोगुंदा में गंगा गमेती ने 590 मतों से हासिल की जीत, सुरेश स्वर्णकार बने उपसरपंच

गोगुंदा ग्राम पंचायत में सरपंच पद के चुनाव में गंगा गमेती ने 590 मतों के अंतर से शानदार जीत हासिल की। उन्हें 2887 मत मिले, जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी रोशनी गमेती को 2297 मत प्राप्त हुए। उपसरपंच पद के लिए जसपाल सिंह और सुरेश स्वर्णकार के बीच मुकाबला हुआ। मतदान में सुरेश स्वर्णकार को 12 तथा जसपाल सिंह को 8 मत मिले। निर्वाचन अधिकारी चंद्रशेखर नागदा ने सुरेश स्वर्णकार को विजयी घोषित किया। जीत के बाद नवनिर्वाचित सरपंच, उपसरपंच एवं वार्ड पंचों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। वहीं वार्ड संख्या 7 से विजयी प्रेरणा चौहान का परिजनों ने तिलक लगाकर एवं फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया।

ओबरा खुर्द को मिली पहली महिला सरपंच, युवराज सिंह बाघेला निर्विरोध उपसरपंच

गोगुंदा उपखंड क्षेत्र की नवसृजित ग्राम पंचायत ओबरा खुर्द में पंचायत गठन के बाद पहली बार हुए पंचायती राज चुनाव में भंवरी बाई सरपंच निर्वाचित हुईं। इसके साथ ही ग्राम पंचायत को पहली महिला सरपंच मिली। परिणाम घोषित होते ही ग्रामीणों और समर्थकों में उत्साह छा गया।  नवनिर्वाचित सरपंच का भव्य रैली निकालकर स्वागत किया गया। वहीं उपसरपंच पद पर कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव युवराज सिंह बाघेला निर्विरोध निर्वाचित हुए। उनके निर्विरोध निर्वाचन पर ग्रामीणों एवं समर्थकों ने शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर भाजपा नांदेशमा मंडल अध्यक्ष नवल सिंह चदाना, मनोहर तेली, गजेंद्र तेली, पंडित मांगी लाल जोशी, नाना लाल, सुनीता पालीवाल, रतन दास भील, मोहन पालीवाल, अशोक पालीवाल, हर्षवर्धन सिंह, दिनेश डांगी, गोविंद सिंह, लक्ष्मण सिंह बाघेला, जीतू डांगी, हिम्मत सिंह, अनिल सिंह, किशन डांगी, भंवर लाल पालीवाल सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

ओबरा कला में भाजपा समर्थित संतोषी गमेती 208 मतों से विजयी, सुनीता राजपूत बनीं उपसरपंच

ओबरा कला ग्राम पंचायत में सरपंच पद के चुनाव में भाजपा समर्थित संतोषी गमेती ने 208 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जेता राम गमेती की पत्नी को पराजित किया। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी का माहौल छा गया। वहीं उपसरपंच पद पर सुनीता राजपूत निर्वाचित हुईं। ग्रामीणों एवं समर्थकों ने नवनिर्वाचित सरपंच और उपसरपंच को बधाई देकर खुशी जाहिर की।

गुंदाली में गोपी बाई की जीत की हैट्रिक, 91 मतों से जीतीं; अम्बा बाई बनीं उपसरपंच

गुंदाली ग्राम पंचायत में सरपंच पद के चुनाव में गोपी बाई ने 91 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर लगातार तीसरी बार सरपंच बनने का गौरव हासिल किया। खास बात यह रही कि इस चुनाव में उनके सामने पांच पुरुष उम्मीदवार मैदान में थे। सभी को पीछे छोड़ते हुए गोपी बाई ने जीत की हैट्रिक लगाई। भाजपा नेता राकेश जैन के नेतृत्व में पंचायत में लगातार जीत का सिलसिला इस बार भी बरकरार रहा। वहीं उपसरपंच पद पर अम्बा बाई निर्वाचित हुईं। परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया और नवनिर्वाचित सरपंच एवं उपसरपंच को बधाई दी।

मजावडी में भवानी शंकर गमेती ने 106 मतों से मारी बाजी, सोहन लाल प्रजापत निर्विरोध उपसरपंच

मजावडी ग्राम पंचायत में सरपंच पद के चुनाव में भवानी शंका गमेती ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोतीलाल गमेती को 106 मतों से पराजित कर जीत हासिल की। वहीं उपसरपंच पद पर सोहन लाल प्रजापत निर्विरोध निर्वाचित हुए। जीत की घोषणा के बाद ग्रामीणों एवं समर्थकों में खुशी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने आतिशबाजी की। इस दौरान देवी लाल प्रजापत, गोपी लाल कुम्हार, गोपी लाल प्रजापत, भंवर सिंह चुंडावत, कैलाश जोशी, योगेश दवे, पुष्कर पंड्या, किशन लाल कुम्हार, मोहन कुम्हार एवं पृथ्वीराज कुम्हार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

जसवंतगढ़ में कन्हैया लाल भील ने किया उलटफेर, 237 मतों से दर्ज की जीत; रुक्मणी देवी बनीं उपसरपंच

जसवंतगढ़ ग्राम पंचायत में सरपंच पद के चुनाव में इस बार बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला। यहां कन्हैया लाल भील ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता नारायण पालीवाल समर्थित प्रत्याशी को 237 मतों से पराजित कर जीत हासिल की। ग्राम पंचायत के चुनावी इतिहास में पहली बार मिली इस जीत को लेकर ग्रामीणों एवं समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। वहीं उपसरपंच पद पर रुक्मणी देवी निर्वाचित हुईं। जीत की खुशी में प्रवीण पालीवाल, अशोक जोशी, देवी लाल सुथार, लहरी लाल, हीरा लाल प्रजापत, योगेश गर्ग, खेम शंकर जोशी एवं दुर्गा शंकर जोशी सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।

जुझारपुरा में गंगा बाई ने महज 5 मतों से दर्ज की जीत, पूर्व सरपंच की पत्नी बनीं सरपंच

जसवंतगढ़ से अलग होकर नवगठित ग्राम पंचायत जुझारपुरा में पहली बार हुए पंचायती राज चुनाव में गंगा बाई सरपंच निर्वाचित हुईं। पूर्व सरपंच पदमाराम गमेती की धर्मपत्नी गंगा बाई ने महज पांच मतों के अंतर से जीत दर्ज की। यहां त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिला। कांग्रेस के नारायण पालीवाल समर्थित प्रत्याशी को 120 मत मिले, जबकि कांग्रेस के दूसरे गुट से दिनेश मेहता समर्थित प्रत्याशी को 513 मत प्राप्त हुए। पहली बार गठित पंचायत में चुनाव परिणाम आने के बाद ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए जश्न मनाया। इस जीत में प्रवीण पालीवाल, नरेंद्र सिंह, धीरा राम गरासिया, नरसा राम गरासिया, धुला राम एवं नाना लाल सहित कई कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही।

मादा में भाजपा समर्थित अमर लाल ने कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष के उम्मीदवार को 162 मतों से हराया, मीरा बाई निर्विरोध उपसरपंच

मादा ग्राम पंचायत में सरपंच पद के चुनाव में भाजपा समर्थित अमर लाल ने कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राम सिंह राजपूत के समर्थित उम्मीदवार को 162 मतों से पराजित कर जीत हासिल की। इस चुनाव परिणाम को पंचायत के राजनीतिक समीकरणों में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मादा ग्राम पंचायत में लंबे समय से कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राम सिंह राजपूत का प्रभाव और दबदबा रहा है, लेकिन इस बार चुनाव परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहे और पंचायत कांग्रेस के हाथ से निकल गई। वहीं उपसरपंच पद पर मीरा बाई निर्विरोध निर्वाचित हुईं। परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित सरपंच एवं उपसरपंच को ग्रामीणों और समर्थकों ने बधाई दी तथा जीत की खुशी जाहिर की।

मोडी में लगातार तीसरी बार प्रहलाद सिंह झाला के समर्थित प्रत्याशी की जीत, खमानी लाल गमेती 198 मतों से विजयी

मोडी ग्राम पंचायत में लगातार तीसरी बार प्रहलाद सिंह झाला के समर्थित प्रत्याशी ने जीत दर्ज कर अपना राजनीतिक प्रभाव बरकरार रखा। यहां खमानी लाल गमेती ने 198 मतों के अंतर से जीत हासिल की। वहीं उपसरपंच पद के चुनाव में दोनों पक्षों के वार्ड पंचों की संख्या बराबर रहने के कारण लॉटरी के माध्यम से उपसरपंच का चयन किया गया। इसमें गोपाल प्रजापत निर्वाचित हुए। उपसरपंच पद के लिए लॉटरी की प्रक्रिया के दौरान ग्रामीणों में उत्सुकता रही। इस अवसर पर गोपी लाल पालीवाल, श्याम सुंदर पालीवाल, लाल सिंह राजपूत, अर्जुन सिंह, लक्ष्मण लाल भील सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

नांदेशमा में वेणी राम गमेती ने 39 मतों से दर्ज की जीत, कांग्रेस युवा नेता पंडित हितेश पालीवाल बने उपसरपंच

नांदेशमा ग्राम पंचायत में सरपंच पद के चुनाव में वेणी राम गमेती ने 39 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। यहां कुल चार उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे, जिसके चलते मुकाबला काफी रोचक और करीबी रहा। अंततः वेणी राम गमेती ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए जीत हासिल की। वहीं उपसरपंच पद पर कांग्रेस युवा नेता पंडित हितेश पालीवाल ने जीत दर्ज की। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों एवं ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा। नवनिर्वाचित सरपंच और उपसरपंच को ग्रामीणों ने बधाई दी।

रावलिया खुर्द में दुर्गा बाई ने 320 मतों से दर्ज की जीत, जगदीश सिंह बने उपसरपंच; वार्ड पंच का परिणाम लॉटरी से निकला

रावलिया खुर्द ग्राम पंचायत में सरपंच पद के चुनाव में दुर्गा बाई ने 320 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं उपसरपंच पद पर जगदीश सिंह निर्वाचित हुए। पंचायत में वार्ड पंच चुनाव के दौरान वार्ड संख्या 5 की सामान्य सीट पर रोचक स्थिति देखने को मिली। यहां ख्याली देवी जोशी और शंकर सिंह दोनों को बराबर 60-60 मत प्राप्त हुए। बराबर मत मिलने के कारण निर्वाचन प्रक्रिया के तहत लॉटरी निकाली गई, जिसमें शंकर सिंह विजयी रहे।

रावलिया खुर्द को कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। ऐसे में सरपंच चुनाव के परिणाम के बाद अब पंचायत समिति सदस्य के चुनाव को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में यहां किस पार्टी को जीत मिलती है। दुर्गा बाई की जीत में एडवोकेट शिव शंकर जोशी, ओम प्रकाश जोशी, प्रकाश गमेती और प्रकाश अवानी की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर