Explore

Search

October 24, 2026 11:46 pm

11 हजार केवी लाइन से घरों में दौड़ा करंट, पंखे और बिजली उपकरण जले

देवल भील बस्ती और भोपा का खेत में बड़ा हादसा टला, जनप्रतिनिधि के फोन पर बंद करवाई बिजली

सायरा (गोगुंदा)। ग्राम पंचायत पानेर के देवल भील बस्ती और भोपा का खेत क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही से 11 हजार केवी विद्युत लाइन में आई गड़बड़ी के चलते कई घरों में करंट दौड़ गया। पानेर सरपंच पति शंकर गमेती ने बताया कि अचानक घरों में बिजली का वोल्टेज बढ़ने से छत के पंखे अपने आप चालू हो गए। वहीं, घरों के अंदर लगी लाइटों की फिटिंग जल गई। इसके अलावा बोरिंग की मोटर और स्टार्टर भी जलकर खराब हो गए, जिससे ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

घटना के दौरान घरों में अचानक करंट दौड़ने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई भी व्यक्ति करंट की चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना ने क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना की सूचना मिलने पर जनप्रतिनिधि शंकर लाल गमेती ने तुरंत फोन के माध्यम से पानेर पावर हाउस पर संपर्क कर बिजली आपूर्ति बंद करवाई, जिससे संभावित बड़े हादसे को टाला जा सका।

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से घटना की जांच करवाने, नुकसान का आकलन करने और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्युत लाइन और आपूर्ति व्यवस्था की जांच कर आवश्यक सुधार करने की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर