प्राइम टाइम/गोगुंदा: जिले के सायरा तहसील के कमोल गांव में 22 फरवरी को जैन दीक्षा महोत्सव का आयोजन होगा। इस अवसर पर मुमुक्षु शीतल सोलंकी वैराग्य पथ अपनाते हुए दक्षिण चन्द्रिका महासाध्वी डॉ. संयमलता म.सा. की सुशिष्या के रूप में संयम दीक्षा ग्रहण करेंगी।
आयोजन को लेकर सकल जैन समाज में उत्साह का माहौल है तथा विभिन्न समितियां व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। मीडिया प्रभारी विनोद कोठारी के अनुसार, देशभर से जैन संत-साध्वियों का कमोल में आगमन हो चुका है, जिससे पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में रंग गया है। तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत 20 फरवरी को तुलादान, मेहंदी रस्म और भक्ति संध्या, 21 फरवरी को संयम शोभायात्रा, केसर छांटना एवं संयम मायरा, तथा 22 फरवरी को प्रातः बृहद्धाल एवं गृह त्याग के बाद दोपहर में दीक्षा पाठ ग्रहण समारोह आयोजित होगा । इस महोत्सव में राजस्थान, गुजरात, मुंबई और पालघर सहित विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। उदयपुर से श्रमण विहार ग्रुप के बैनर तले विशेष बसों की व्यवस्था भी की गई है।