Explore

Search

August 28, 2026 2:59 pm

लेटेस्ट न्यूज़

सायरा में ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा: 48 घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार

प्राइम टाइम/गोगुंदा: उदयपुर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। सायरा थाना क्षेत्र में हुए ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ कर इस सनसनीखेज हत्या की गुत्थी सुलझाई है।
दरअसल, 6 मार्च 2026 को सायरा थाना क्षेत्र के केलो गांव निवासी मोताराम ने पुलिस थाना सायरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका बेटा सामताराम गमेती (27 वर्ष) 5 मार्च की रात करीब एक बजे चांदपुरा गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में गया था, लेकिन रात भर घर वापस नहीं लौटा। अगली सुबह सूचना मिली कि चांदपुरा माता मंदिर पालिया के पास सामताराम का शव पड़ा हुआ है। शव के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल स्वरूप मेवाड़ा तथा वृताधिकारी गोगुंदा के सुपरविजन में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के जंगल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया और संदिग्ध लोगों से लगातार पूछताछ की। इसी दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर 5 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सभी लोग शराब के नशे में थे। वापसी के समय सामताराम और आरोपियों के बीच गाली-गलौज और झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने लाठी और पत्थरों से हमला कर सामताराम की हत्या कर दी और शव को सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गए।
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए निवासराम, हंसाराम, धर्माराम, रमेश और सुरेश को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर