प्राइम टाइम/उदयपुर : उदयपुर जिले के बड़गांव थाना पुलिस ने जमीन हड़पने की साजिश के तहत एक वृद्ध के अपहरण के मामले का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान वारदात में इस्तेमाल की गई दो कारें भी बरामद की हैं। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशानुसार थानाधिकारी किताब चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह बड़ी कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 8 मार्च 2026 को प्रार्थी वंशीलाल गमेती निवासी हलेला, नारायण सेवा संस्थान के पास ने रिपोर्ट दी कि उसके पिता रामा गमेती घर के पास पनघट से पानी लेने गए थे। इसी दौरान एक सफेद कार में आए बदमाशों ने जबरन उन्हें कार में बैठाकर अपहरण कर लिया। आरोपियों की योजना राम गमेती की जमीन के दस्तावेजों पर जबरन हस्ताक्षर करवाकर जमीन अपने नाम करवाने की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत टीम गठित कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अपहृत रामा गमेती को सकुशल दस्तयाब कर लिया और इस मामले में शामिल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से एक गिरोह बनाकर भोले-भाले लोगों की जमीन पर नजर रखते थे और धोखाधड़ी से जमीन अपने नाम करवाने की साजिश रचते थे। इस मामले में भी आरोपियों ने पहले से जमीन के कागजात तैयार कर रखे थे और राम गमेती का अपहरण कर जबरन हस्ताक्षर करवाने की योजना बनाई थी। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी राम गमेती को सायफन चौराहे के पास छोड़कर फरार हो गए, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्विफ्ट कार (RJ27CB9142) और किया सेल्टोस (RJ27CP2017) बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि उन्होंने उक्त कार्य किशन मेघवाल निवासी बांसलिया गोगुंदा के कहने पर किया। अब पुलिस किशन मेघवाल सहित मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
मुकेश गमेती, अशोक बंजारा, दीपचंद उर्फ दीपक उर्फ सरपंच, सुरेश गमेती, पुष्कर गमेती, विजय गमेती, प्रकाश गमेती, प्रवीण मेघवाल और दिलीप कुमार गमेती।
पुलिस पूरे गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित मामलों की भी जांच कर रही है।
इनका कहना है
“जिस दिन घटना घटीत हुई उस वक्त मैं उदयपुर ही नहीं था। मैं मेरे निजी काम से दिल्ली गया हुआ था। जमीन को लेकर जो कुछ भी विवाद सामने आया है इस मामले में मेरा दूर तक कोई लेना देना नहीं है। मैं इस मामले में बिल्कुल शामिल नहीं हूं। राजनीतिक द्वेषता के कारण कुछ लोगों द्वारा मेरी छवि खराब करने की साजिश रची जा रही है।
किशन मेघवाल, भाजपा नेता गोगुंदा