प्राइम टाइम/गोगुंदा: स्थानीय न्यायालय परिसर में बुधवार को बार एसोसिएशन के तत्वावधान में हर्षोल्लास के साथ होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लेकर आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।
समारोह में उपखंड अधिकारी शुभम भैंसारे और तहसीलदार प्रवीण कुमार सैनी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान अधिकारियों ने अधिवक्ताओं को गुलाल का तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। वहीं बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी अधिकारियों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया और सभी ने मिलकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष राजवीर सिंह झाला ने कहा कि होली का पर्व समाज में आपसी मतभेदों को मिटाकर प्रेम और सद्भाव बढ़ाने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कोर्ट-कचहरी के व्यस्त और तनावपूर्ण माहौल के बीच ऐसे आयोजन अधिवक्ताओं के बीच आपसी सहयोग, समन्वय और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता युवराज सिंह बाघेला ने किया।
कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं और अधिकारियों ने एक-दूसरे को होली की बधाई देते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मिलन मनाया।