Explore

Search

August 29, 2026 2:27 am

लेटेस्ट न्यूज़

गोगुंदा पिंडवाड़ा हाइवे: चलते ट्रेलर में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

प्राइम टाइम/गोगुंदा:  उदयपुर–पिंडवाड़ा हाईवे पर गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक तेज रफ्तार ट्रेलर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए चलते ट्रेलर से कूदकर अपनी जान बचाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेलर गोगुंदा से उदयपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहन के इंजन हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति बिगड़ती देख चालक तुरंत ट्रेलर से नीचे कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। चालक के कूदते ही ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी ओर चला गया।
घटना गोगुंदा क्षेत्र में भव्य पैलेस के सामने की बताई जा रही है। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में ट्रेलर धू-धू कर जलने लगा और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा।
सूचना मिलने पर बड़गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। उदयपुर से पहुंची दमकल ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
घटना के दौरान हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों और वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां रोककर सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर