प्राइम टाइम/गोगुंदा: जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सायरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 7.656 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। साथ ही गोगुंदा थाना में दर्ज प्रकरण में करीब डेढ़ वर्ष से फरार चल रहे आरोपी गोपाल पुत्र अमरा बंजारा (27), निवासी नाइयों का गुड़ा, थाना गोगुंदा, जिला उदयपुर को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं वृताधिकारी गिर्वा के सुपरविजन में थाना सायरा प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, थाना गोगुंदा में दर्ज एक मामले में वांछित आरोपी गोपाल बंजारा लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी तलाश के दौरान सायरा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिस पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अवैध गांजा डोली होटल के पास झाड़ियों में छिपा रखा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, जहां से 7.656 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी से अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों पर प्रभावी अंकुश लगेगा।