प्राइम टाइम/गोगुंदा: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं कलां परीक्षा के घोषित परिणाम में गोगुंदा क्षेत्र के वणी गांव की छात्रा दिव्या पुरोहित ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 93 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की है। दिव्या, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, गोगुंदा की छात्रा हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिव्या पुरोहित ने कुल 500 में से 465 अंक प्राप्त किए। विषयवार अंक देखें तो हिंदी में 90, अंग्रेजी में 89, राजनीति विज्ञान में 98, गृह विज्ञान में 95 तथा हिंदी साहित्य में 93 अंक अर्जित किए। उनके इस शानदार प्रदर्शन से विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
दिव्या की इस सफलता का श्रेय उनके माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन को जाता है। उनके पिता तारा शंकर पुरोहित एवं माता गीता देवी ने बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है। आपको बता दे दिव्या के पिता पशु चिकित्सक है वहीं माता गृहिणी है। विद्यालय परिवार ने भी दिव्या को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। दिव्या की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि लगन और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। क्षेत्रवासियों ने भी दिव्या को शुभकामनाएं देते हुए इसे गोगुंदा के लिए गर्व का क्षण बताया है।