प्राइम टाइम/गोगुंदा: जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल शुक्रवार को गोगुंदा एवं सायरा क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी कार्यालयों, राजकीय अस्पताल एवं अन्नपूर्णा रसोई का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सायरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत ब्राह्मणों का कलवाड़ा में आयोजित रात्रि चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी।
राजतिलक स्थली पर नमन, रखरखाव के निर्देश
गोगुंदा पहुंचने पर जिला कलक्टर ने महाराणा प्रताप एवं राणा पूंजा की प्रतिमाओं पर श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने ऐतिहासिक राजतिलक स्थली एवं बावड़ी का अवलोकन कर परिसर की समुचित देखरेख एवं साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कार्यालयों में पारदर्शिता पर जोर
जिला कलक्टर ने उपखंड एवं तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर एसडीएम शुभम भैसारे एवं तहसीलदार प्रवीण कुमार सैनी से कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने राजस्व न्यायालय से संबंधित सभी पत्रावलियों को ऑनलाइन करने के निर्देश देते हुए कार्य में पारदर्शिता लाने पर विशेष जोर दिया।
अस्पताल व रसोई का निरीक्षण
अस्पताल निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही सोनोग्राफी मशीन हेतु नए उपकरणों का प्रस्ताव शीघ्र भेजने को कहा। अन्नपूर्णा रसोई पहुंचकर उन्होंने लाभार्थियों से भोजन की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली और व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी। शादी वाले परिवारों को गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने की शिकायत पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी विभाग को बाईपास से बस स्टैंड तक सड़क निर्माण कार्य एक माह में पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
जिला कलक्टर ने सभी अधिकारियों को संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की नियमित निगरानी कर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह राजावत, नायब तहसीलदार गणेश विजयवर्गीय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी दिनेश मीणा, डॉ. शांतिलाल चौबीसा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह राजावत, नायब तहसीलदार गणेश विजयवर्गीय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी दिनेश मीणा, डॉ. शांतिलाल चौबीसा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
नांदेशमा ग्राम पंचायत में कलेक्टर का स्वागत, ग्रामीण समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन
उपखंड क्षेत्र की नांदेशमा ग्राम पंचायत में कांग्रेस युवा नेता पंडित हितेश पालीवाल के नेतृत्व में जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल का माला, ऊपरना और साफा पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान ग्रामीणों की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में प्रमुख रूप से बालिका विद्यालय में बैठने की समुचित व्यवस्था के लिए नए भवन निर्माण की मांग की गई। इसके अलावा सुथारमादड़ा तालाब से गांव के तालाब तक नहर की मरम्मत, नांदेशमा में रोडवेज बस सेवा को नियमित रूप से संचालित करने, सोबावास स्कूल भवन निर्माण, वेर की भागल में डामरीकरण कार्य तथा नांदेशमा के मुख्य स्थानों पर सीसी रोड निर्माण की मांग शामिल रही। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर हितेश माली, रोशन लाल जैन, हमेर सिंह, खुमान सिंह, मांगीलाल गागायरी, पुष्कर गर्ग, वक्ताराम, पुनाराम, रमेश, कमलेश पालीवाल सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
इस अवसर पर हितेश माली, रोशन लाल जैन, हमेर सिंह, खुमान सिंह, मांगीलाल गागायरी, पुष्कर गर्ग, वक्ताराम, पुनाराम, रमेश, कमलेश पालीवाल सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

