प्राइम टाइम/गोगुंदा: क्षेत्र में हाल ही में हुई चाकूबाजी व लूट की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने पर गोगुंदा पुलिस की सराहना की जा रही है। शनिवार को सेमटाल गांव के ग्रामीणों ने थाना प्रभारी श्याम सिंह चारण एवं उनकी टीम का स्वागत कर उन्हें मेवाड़ी साफा व माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस की तत्पर कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है और आमजन में विश्वास बढ़ा है। सम्मान समारोह में हरीश पालीवाल, नरेश पालीवाल, दक्ष पालीवाल, कुंदन कुमार, राकेश पालीवाल, सुंदर पालीवाल सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
एडवोकेट अरुण पालीवाल ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिस तेजी से आरोपियों की गिरफ्तारी हुई, उससे अपराधियों में भय का वातावरण बना है और समाज में सकारात्मक संदेश गया है।
यह था मामला
गौरतलब है कि 2 अप्रैल की शाम सेमटाल निवासी शंकर लाल पालीवाल दूध संग्रह कर वणी गांव से बाइक द्वारा लौट रहे थे। रास्ते में आशापुरा होटल के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवाकर लूट का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाते हुए वणी निवासी लक्ष्मण सिंह और सुखेर थाना क्षेत्र के रामा निवासी टीकम चंद उर्फ टिक्सा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद विशेष टीम गठित कर मुख्य आरोपी मनोहर सिंह पुत्र गणेश सिंह राजपूत को मुंबई से गिरफ्तार किया गया। फिलहाल पुलिस शेष फरार आरोपी मनीष गमेती और वीरेंद्र सिंह की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में संतोष का माहौल है और ग्रामीणों ने अपराध नियंत्रण के लिए इसी तरह सख्त कदम उठाते रहने की अपेक्षा जताई है।