प्राइम टाइम/गोगुंदा: गोगुंदा पब्लिक स्कूल में 14 अप्रैल से 18 अप्रैल 2026 तक पंच दिवसीय स्काउट एवं गाइड शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मनिर्भरता जैसे गुणों का विकास करना रहा।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को समय पालन, टीम वर्क, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), आपदा प्रबंधन तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही देशभक्ति और सामाजिक सेवा की भावना को भी मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रतिदिन प्रातःकालीन व्यायाम, ध्वज वंदन एवं विभिन्न खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा मिला। वहीं रात्रि में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
शिविर के सफल संचालन में सुनील सोनी एवं मनीष का विशेष मार्गदर्शन एवं योगदान रहा। उनके नेतृत्व में शिविर का आयोजन सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ।
विद्यालय प्रशासन ने शिविर को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही आशा व्यक्त की कि शिविर में अर्जित अनुभव एवं सीख विद्यार्थियों के जीवन में सदैव उपयोगी सिद्ध होंगे।