प्राइम टाइम/गोगुंदा: उपखंड अधिकारी शुभम भैंसारे ने शुक्रवार को तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने राजकीय विद्यालय कुकडाखेडा, मादड़ा, पड़ावली कला, पाडलों का चौरा एवं मोखी में आंगनवाड़ी केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं, योजनाओं की प्रगति और कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने विद्यालयों में टाइम टेबल, नोटिस बोर्ड एवं खेल सामग्री के समुचित उपयोग के निर्देश दिए। वहीं मादड़ा विद्यालय में निर्माणाधीन कम्युनिटी टॉयलेट को 10 दिनों में पूर्ण करने के आदेश संबंधित अधिकारियों को दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान पड़ावली कला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नियमित चिकित्सक की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सा विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए।
पाडलों का चौरा में एसडीएम ने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए अपना मोबाइल और व्हाट्सएप नंबर साझा किया, ताकि लोग सीधे अपनी समस्याएं प्रशासन तक पहुंचा सकें।
एसडीएम ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। साथ ही अधिकारियों को जन शिकायतों के समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।