प्राइम टाइम/उदयपुर: जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत उदयपुर जिले में 1 मई से 15 मई तक स्वगणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इस संबंध में जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
कलेक्टर अग्रवाल ने बताया कि इस चरण में ‘हाउसलिस्टिंग’ यानी मकानों के सूचीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करने की सुविधा भी दी गई है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सरल हो सके।
उन्होंने कहा कि यदि नागरिक स्वयं अपनी जानकारी पोर्टल पर अपलोड करते हैं तो डेटा पूरी तरह त्रुटिहीन रहेगा। इससे सरकार को भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों के लिए सटीक आंकड़े प्राप्त होंगे, जिससे संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।
नागरिक जनगणना की आधिकारिक वेबसाइट www.se.census.gov.in� पर जाकर अपने परिवार एवं मकान से संबंधित आवश्यक विवरण 15 मई तक दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना आवश्यक होगा।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिकतम लाभ उठाते हुए समयसीमा के भीतर स्वगणना प्रक्रिया पूर्ण करें और राष्ट्र निर्माण के इस महत्वपूर्ण अभियान में अपना सहयोग प्रदान करें।