प्राइम टाइम/गोगुंदा: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चल रही ग्राम रथ यात्रा के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र की ओबरा खुर्द पंचायत मुख्यालय पर संध्या चौपाल का आयोजन किया गया, जहां लोक रंगों से सजी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न राजकीय योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ गोगुंदा विधायक प्रताप गमेती, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली, जिला परिषद सीईओ विरमा राम, उपखंड अधिकारी शुभम भैंसारे, तहसीलदार प्रवीण कुमार सैनी, विकास अधिकारी बच्चू सिंह मीणा समाजसेवी गजपाल सिंह, प्रधान सुंदर देवी, उप प्रधान लक्ष्मण सिंह झाला, नांदेशमा मंडल अध्यक्ष नवल सिंह राजपूत, पूर्व उपप्रधान पप्पू राणा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने चौपाल में ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।

जिला परिषद सीईओ विरमाराम ने बताया कि ग्राम रथ यात्रा के तहत एलईडी युक्त रथों के माध्यम से 13 विभागों कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही सुझाव पेटिका के जरिए ग्रामीणों के सुझाव और समस्याएं भी एकत्रित की जा रही हैं।
संध्या चौपाल में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने ग्रामीणों को आकर्षित किया और मनोरंजन के साथ-साथ योजनाओं के प्रति जागरूक भी किया। इस दौरान अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए गए।
पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार आमजन, किसानों और मजदूरों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को शक्त निर्देश देते हुए कहा कि लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत योजना सहित अन्य योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका लाभ सीधे आमजन तक पहुंच रहा है।