Explore

Search

August 28, 2026 5:17 pm

लेटेस्ट न्यूज़

गोगुंदा: घर में घुसकर महिला के साथ बेरहमी से मारपीट, 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

प्राइम टाइम/गोगुंदा : स्थानीय पुलिस थाना क्षेत्र के मजाम गांव में एक महिला के साथ घर में घुसकर बेरहमी से मारपीट करने और अभद्रता करने का गंभीर मामला सामने आया है। प्रार्थी हरि सिंह पुत्र मनोहर सिंह ने गोगुंदा थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी बहन के साथ गांव के ही कुछ लोगों ने मिलकर जानलेवा हमला किया।
​जमीन विवाद और पुरानी रंजिश का मामला

रिपोर्ट के अनुसार, घटना 6 मई 2026 की शाम करीब 6 बजे की है। पीड़िता अपने घर के पास स्थित अपनी खातेदारी भूमि पर नाली की खुदाई कर रही थी। इसी दौरान आरोपी मीना कुंवर, लाल सिंह, संतोष कुंवर, पर्वत सिंह, कंचन कुंवर और भेरु सिंह वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए काम रोकने का दबाव बनाने लगे।

​शराब के नशे में घर में घुसे हमलावर

पीड़िता के भाई ने आरोप लगाया कि जब उसकी बहन विवाद टालने के लिए घर के अंदर चली गई, तो आरोपी जबरन घर में घुस आए। बताया जा रहा है कि पुरुष आरोपी शराब के नशे में धुत थे। उन्होंने पीड़िता को चोटी पकड़कर घर से बाहर घसीटा और लातों-घूसों, पत्थरों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले के दौरान पीड़िता के कपड़े फट गए और उसे सिर, पीठ, हाथ-पांव सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं।

​उदयपुर रेफर की गई पीड़िता

शोर सुनकर जब पीड़िता की 8 वर्षीय भांजी चिल्लाई, तो आस-पड़ोस के लोग इकट्ठा होने लगे। भीड़ को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन घायल महिला को तुरंत गोगुंदा अस्पताल ले गए, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे उदयपुर के महाराणा भूपाल (MB) हॉस्पिटल रेफर कर दिया।

​पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

गोगुंदा पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर विभिन्न धाराओं के तहत आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई भारत सिंह राणावत को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर