Explore

Search

August 28, 2026 9:31 pm

लेटेस्ट न्यूज़

गोगुंदा में हादसों का काला दिन: एक की मौत, कई घायल; हाईवे व ग्रामीण मार्गों पर चार बड़े हादसे

प्राइम टाइम/गोगुंदा: उदयपुर जिले के गोगुंदा क्षेत्र में मंगलवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। अलग-अलग स्थानों पर एक के बाद एक चार बड़े हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे से लेकर जसवंतगढ़-नांदेशमा मार्ग तक दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

मदारडा कट पर भीषण टक्कर, युवक की मौके पर मौतगोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे के मदारडा कट पर शाम को तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे ट्रेलर से भिड़ गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और नेतराड (बाड़मेर) निवासी राहुल पुत्र थाणा राम जाट की मौके पर ही मौत हो गई।


सूचना पर ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला, जबकि हाईवे पेट्रोलिंग टीम व पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। शव को गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

पहले हादसे के बाद दो ट्रेलर भिड़े, चालक घायल
इसी स्थान पर पहले हादसे के बाद यातायात धीमा होने के कारण पीछे से आ रहे दो ट्रेलर आपस में टकरा गए। ब्रेक नहीं लगने से हुए इस हादसे में एक चालक घायल हो गया, जिसे एंबुलेंस से गोगुंदा सीएचसी पहुंचाया गया।

बाइक सवार भी चपेट में आया, घायल
मदारडा कट पर हुए हादसों के दौरान अफरा-तफरी के बीच एक बाइक सवार भी चपेट में आकर घायल हो गया। उसे भी उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

जसवंतगढ़-नांदेशमा रोड पर कार खाई में गिरी, दो व्यापारी गंभीर


वहीं, मंगलवार सुबह जसवंतगढ़-नांदेशमा मार्ग पर सुथार मादड़ा के पास तेज रफ्तार कार पुलिया से करीब 10 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में नांदेशमा निवासी भगवान सिंहवी और मीठालाल बंबोरी गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को 108 एंबुलेंस से गोगुंदा अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया।

सिरवल पुलिया पर इको कार पलटी, आधा दर्जन घायल


उधर, बेकरिया थाना क्षेत्र में सिरवल पुलिया के पास एक सवारियों से भरी इको कार का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक सहित करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
इस दौरान आबू-अंबाजी रोडवेज बस चालक सुरेश मेनारिया की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। बस पलटी कार से महज 10 मीटर दूर थी, लेकिन चालक ने समय रहते ब्रेक लगाकर दुर्घटना टाल दी।

पुलिस व प्रशासन ने संभाला मोर्चा
लगातार हादसों के बाद पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग और एंबुलेंस टीम दिनभर सक्रिय रही। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया गया और घायलों को तत्काल उपचार दिलाया गया।

हाईवे पर सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
एक ही दिन में चार बड़े हादसों ने गोगुंदा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर मदारडा कट जैसे ब्लैक स्पॉट पर लगातार हो रहे हादसे प्रशासन के लिए चुनौती बने हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर