प्राइम टाइम/गोगुंदा: उदयपुर-गोगुंदा हाईवे पर शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जहां सागवान की कीमती लकड़ी से भरा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चट्टान से जा टकराया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में ट्रेलर का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व हाईवे सुरक्षा टीम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गोगुंदा पुलिस और हाईवे सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से केबिन में फंसे घायल खलासी को बाहर निकालकर तुरंत गोगुंदा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
तेज रफ्तार और ढलान बना हादसे का कारण
प्राथमिक जानकारी के अनुसार ट्रेलर पिंडवाड़ा की ओर से उदयपुर की तरफ जा रहा था। पीर बावजी के पास लंबे ढलान पर तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रेलर सीधे चट्टान से टकरा गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हाईवे पर लंबे ढलान होने के कारण बाहरी क्षेत्रों से आने वाले भारी वाहन चालक अक्सर तेज गति से वाहन चलाते हैं और संतुलन खो देते हैं। यही कारण है कि यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच, सतर्कता की अपील
गोगुंदा पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त वाहन को साइड में करवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ढलान वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें और वाहन की गति नियंत्रित रखें, ताकि इस प्रकार के हादसों से बचा जा सके।
(इनपुट: स्थानीय संवाददाता)