प्राइम टाइम/गोगुंदा: प्रदेशभर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच पशु-पक्षियों के लिए पानी, दाना एवं छाया की व्यवस्था को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को गोगुंदा उपखंड कार्यालय परिसर में विशेष पहल की गई।
उपखंड अधिकारी गोगुंदा के निर्देशन में कार्यालय परिसर स्थित पेड़ों पर पक्षियों के लिए पानी हेतु परिंडे बांधे गए। साथ ही कार्यालय में आने वाले आमजन एवं काश्तकारों के लिए शीतल पेयजल उपलब्ध कराने हेतु मटकों में पानी भरवाने की व्यवस्था भी की गई।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी शुभम भैंसारे ने आमजन से अपने घरों, कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर पशु-पक्षियों के लिए परिंडे लगाने तथा प्याऊ के माध्यम से पानी, दाना एवं छाया की व्यवस्था करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में पशु-पक्षियों की सेवा करना मानवता का महत्वपूर्ण दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान गोगुंदा तहसीलदार प्रवीण कुमार सैनी, नायब तहसीलदार गणेश लाल, गिरदावर एवं पटवारी सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।