प्राइम टाइम/उदयपुर: बड़गांव ब्लॉक के सांख्यिकी अधिकारी 57 वर्षीय दिनेश चंद्र श्रीमाली अपनी अनूठी जीवनशैली और पर्यावरण के प्रति समर्पण के चलते “साइकिल मैन” के नाम से क्षेत्र में खास पहचान बना चुके हैं। श्रीमाली ने साइकिलिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनमें एक दिन में 100 किलोमीटर साइकिल चलाने और सांख्यिकी दिवस पर लगातार 51 किलोमीटर साइकिल चलाने का रिकॉर्ड शामिल है।

श्रीमाली पिछले कई वर्षों से सप्ताह में दो दिन—सोमवार और गुरुवार—साइकिल से ही कार्यालय आना-जाना करते रहे हैं। वहीं अब प्रधानमंत्री की अपील से प्रेरित होकर उन्होंने एक नया संकल्प लिया है। उन्होंने निर्णय किया है कि जब तक युद्ध की स्थिति समाप्त नहीं हो जाती और पेट्रोल-डीजल की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हो जाती, तब तक वे नियमित रूप से साइकिल का ही उपयोग करेंगे और साइकिल से ही कार्यालय आएंगे-जाएंगे।
पिछले 13 वर्षों में श्रीमाली लगभग 1,21,000 किलोमीटर साइकिल चला चुके हैं, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। वे न केवल फिटनेस के प्रति सजग हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी गहरी निष्ठा रखते हैं। बड़गांव क्षेत्र में वे पशु-पक्षी प्रेमी और पर्यावरण प्रेमी के रूप में भी जाने जाते हैं।

श्रीमाली अपने दैनिक जीवन के अधिकांश कार्य जैसे सब्जी लाना, दूध लाना और अन्य छोटे-मोटे काम भी साइकिल से ही करते हैं। उनका रोजाना का नियम है कि वे सुबह 5 बजे घर से साइकिल लेकर निकलते हैं और फतेहसागर झील का पूरा चक्कर लगाकर सुबह 7 बजे वापस घर लौटते हैं।
उनकी यह जीवनशैली न केवल स्वास्थ्य के लिए प्रेरणादायक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत की दिशा में भी समाज को एक सकारात्मक संदेश देती है।