प्राइम टाइम/गोगुंदा : उपखंड क्षेत्र गोगुंदा की मोरवल ग्राम पंचायत के सोलारिया गांव में जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन कुएं पर की जा रही ब्लास्टिंग से ग्रामीणों का जनजीवन खतरे में पड़ गया है। ठेकेदार द्वारा की जा रही तेज ब्लास्टिंग से उड़कर आने वाले पत्थर आसपास के क्षेत्र में गिर रहे हैं, जिससे गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, कई बार ठेकेदार को ब्लास्टिंग की तीव्रता कम करने के लिए चेतावनी दी गई, लेकिन उसके रवैये में कोई सुधार नहीं हुआ। लगातार हो रही ब्लास्टिंग से न केवल रास्ते से गुजरने वाले वाहनों को खतरा बना हुआ है, बल्कि आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
सोमवार को ब्लास्टिंग के दौरान बड़े-बड़े पत्थर निर्माणाधीन कुएं के पास स्थित भीमकुंड आश्रम तक जा पहुंचे, जिससे आश्रम के दरवाजों और खिड़कियों को नुकसान हुआ। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि समय रहते इस मामले में हस्तक्षेप कर ब्लास्टिंग की प्रक्रिया को सुरक्षित बनाया जाए, अन्यथा कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।