प्राइम टाइम/सायरा: ग्राम पंचायत सायरा में विकसित भारत ग्राम रोजगार गारंटी आजीविका मिशन के शुभारंभ अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक प्रताप लाल गमेती एवं पूर्व प्रधान सवा राम गमेती ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ सायरा के मुख्य तालाब पर विधिवत भूमिपूजन के साथ किया गया।

इस दौरान मिशन के नव परिवर्तित स्वरूप के तहत नए कार्यों की शुरुआत की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिक एवं मजदूर उपस्थित रहे। विधायक प्रताप लाल गमेती ने अपने संबोधन में नरेगा की इस नई कार्यप्रणाली एवं योजना में किए गए महत्वपूर्ण परिवर्तनों की जानकारी देते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और विकास कार्यों को गति मिलेगी।

कार्यक्रम में सायरा के विकास अधिकारी महीप सिंह, पंचायत समिति सायरा के सहायक अभियंता, ग्राम पंचायत सायरा के सरपंच सुरमा राम गरासिया, भाजपा महामंत्री बाबू सिंह खरवड़ सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे। अंत में उपस्थित जनों ने केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए योजना के सफल क्रियान्वयन का संकल्प लिया।
