प्राइम टाइम/गोगुंदा: थाना क्षेत्र के छाली गांव में सोमवार देर रात ग्रामीणों की सतर्कता से चोरी की एक बड़ी वारदात विफल हो गई। पिकअप वाहन में सवार होकर आए 8 से 9 बदमाशों ने गांव निवासी कालू सिंह के निर्माणाधीन मकान को निशाना बनाया, जहां उस समय कारीगर सो रहे थे।ग्रामीणों ने बताया कि तीन बदमाश मकान के अंदर घुस गए और चोरी का प्रयास करने लगे। इस दौरान कारीगरों द्वारा विरोध किए जाने पर बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। कारीगरों के शोर मचाने पर गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए।

ग्रामीणों को आते देख तीनों बदमाश पास ही बह रही नदी में कूदकर भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने चारों ओर से घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पकड़ने के दौरान बदमाशों ने ग्रामीणों पर भी हमला किया, जिससे कुछ ग्रामीण घायल हो गए। इसके बावजूद ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए तीनों आरोपियों को काबू कर लिया। इस पूरे घटनाक्रम में बदमाशों को भी कई गंभीर चोटें आई।

सूचना मिलने पर गोगुंदा थानाधिकारी श्याम सिंह चारण मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए आरोपियों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से उपचार के लिए गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया। वहीं उनके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर पिकअप वाहन में सवार होकर फरार हो गए।प्रारंभिक जांच में पकड़े गए आरोपियों की पहचान झाड़ोल थाना क्षेत्र के वसार गांव के निवासियों के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।