गोगुंदा: सायरा तहसील की ग्राम पंचायत नांदेशमा में बुधवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच साबित हुआ। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ उठाया।
सामाजिक सुरक्षा अधिकारी प्रवीण पानेरी ने बताया कि केंद्र सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान के तहत शिविर में उपस्थित ग्रामीणों, अधिकारियों और कर्मचारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस दौरान नशे से होने वाले शारीरिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्परिणामों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।
शिविर प्रभारी गोविंद सुधार ने जानकारी देते हुए बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थी भेरू सिंह की सात माह से बंद पेंशन का सत्यापन कर पुनः प्रारंभ करवाया गया, जिससे लाभार्थी को बड़ी राहत मिली। साथ ही राज्य सरकार के 22 विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ भी मौके पर ही प्रदान किया गया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रशासक, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी आशा सोनी, प्रधानाचार्य पवन रेखा मीणा, अतिरिक्त विकास अधिकारी गोविन्द सुथार, महेंद्र पालीवाल, ग्राम विकास अधिकारी राधेश्याम बैरागी, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।