प्राइम टाइम/गोगुंदा: गोगुंदा कस्बे में पंचायत समिति कार्यालय के बाहर शुक्रवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र को ग्रामीणों ने तत्काल निजी वाहन से गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया, जबकि सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से भगवती को अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे के दौरान ग्रामीणों की तत्परता से दोनों घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका। वहीं घटना के बाद सड़क पर भीड़ जमा हो गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारु कराया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
धीमी सड़क निर्माण कार्य बन रहा हादसों का कारण
गौरतलब है कि बाईपास से बस स्टैंड गोगुंदा तक नवीन सड़क निर्माण का कार्य पिछले करीब एक वर्ष से प्रगति पर है, लेकिन महज लगभग 500 मीटर लंबे इस मार्ग का कार्य अत्यंत धीमी गति से चल रहा है। निर्माण में लापरवाही के चलते आए दिन यहां दुर्घटनाएं हो रही हैं। बताया जा रहा है कि सड़क के डिवाइडर के बीच मिट्टी नहीं डाले जाने के कारण बारिश के मौसम में वाहन चालक फिसल जाते हैं, जिससे गंभीर हादसे हो रहे हैं।
इस मार्ग पर न्यायालय, पुलिस थाना, पंचायत समिति, तहसील एवं उपखंड कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण सरकारी संस्थान स्थित हैं, बावजूद इसके निर्माण कार्य की धीमी गति पर संबंधित विभागों द्वारा कोई ठोस ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पिछले एक वर्ष से जारी सुस्त कार्यशैली का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्य पूर्ण कराने की मांग की है।