Explore

Search

August 28, 2026 1:46 pm

लेटेस्ट न्यूज़

रामायण : प्रथम संकल्प के भव्य ट्रेलर लॉन्च में डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ रहे विशिष्ट अतिथि

उदयपुर:  भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ प्रथम संकल्प’ के भव्य ट्रेलर लॉन्च समारोह का आयोजन शनिवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में किया गया। इस अवसर पर मेवाड़ राजपरिवार के सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने भारतीय संस्कृति एवं सनातन मूल्यों को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने के इस महत्वपूर्ण प्रयास की सराहना की।

निर्देशक नितेश तिवारी तथा निर्माता नमित मल्होत्रा की महत्वाकांक्षी प्रस्तुति के इस भव्य आयोजन में फिल्म जगत, आध्यात्मिक क्षेत्र एवं साहित्य जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में अभिनेता रणबीर कपूर (भगवान श्रीराम), साई पल्लवी (माता सीता), यश (रावण), सनी देओल (हनुमान), रवि दुबे (लक्ष्मण), रकुल प्रीत सिंह (शूर्पणखा) तथा कुणाल कपूर (देवराज इंद्र) सहित फिल्म की प्रमुख स्टार कास्ट मौजूद रही। इसके अलावा योगगुरु स्वामी रामदेव, वरिष्ठ अभिनेता अरुण गोविल तथा प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास ने भी समारोह की गरिमा बढ़ाई।

कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शित लगभग चार मिनट के ट्रेलर ने दर्शकों को फिल्म की भव्यता, अत्याधुनिक दृश्य प्रभावों और भारतीय महाकाव्य रामायण के विराट प्रस्तुतीकरण की पहली झलक दिखाई। ट्रेलर को उपस्थित अतिथियों और दर्शकों से अत्यंत सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई।

इस अवसर पर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि “रामायण केवल एक महाकाव्य नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आदर्शों और जीवन मूल्यों का आधार है। ऐसे प्रयास हमारी सांस्कृतिक धरोहर को नई पीढ़ी तथा वैश्विक समाज तक प्रभावी रूप से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”

निर्माताओं ने घोषणा की कि ‘रामायण : प्रथम संकल्प’ का ट्रेलर 24 जुलाई को विश्वभर में डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर जारी किया जाएगा। दो भागों में निर्मित इस महागाथा का पहला भाग दीपावली 2026 तथा दूसरा भाग दीपावली 2027 में सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर