Explore

Search

August 28, 2026 12:35 pm

लेटेस्ट न्यूज़

सायरा में मेडिकल संचालक को फंसाने की कथित साजिश का खुलासा, महिला सहित चार आरोपी गिरफ्तार

सायरा (उदयपुर), 25 जुलाई। सायरा थाना पुलिस ने कृष्णा मेडिकल में अवैध मादक पदार्थ गांजा रखकर मेडिकल संचालक को फंसाने की कथित साजिश का खुलासा करते हुए महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में 1.230 किलोग्राम अवैध गांजा भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 21 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि सायरा-नामपुरा रोड स्थित कृष्णा मेडिकल के अंदर अवैध गांजा रखा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली। इस दौरान मेडिकल से 1.230 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में मेडिकल संचालक महेश हड़िया ने बताया कि उसकी दुकान में एक अज्ञात महिला द्वारा एक कट्टा रखकर जाने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर जांच शुरू की।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृत्ताधिकारी के सुपरविजन में गठित टीम ने जांच के दौरान महिला की पहचान कर उससे पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि मेडिकल संचालक को फंसाने की कथित साजिश रची गई थी। पुलिस का दावा है कि पुराने विवाद के चलते यह योजना बनाई गई और महिला के माध्यम से मेडिकल में गांजा रखवाया गया।

पुलिस ने मामले में लीला बाई, अशोक, पदमाराम गरासिया तथा गोपाल कुमार राय को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार एक अन्य आरोपी बाबला को भी प्रकरण में नामजद किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर