गोगुंदा (उदयपुर), 29 जुलाई 2026: देवास तृतीय एवं चतुर्थ बांध परियोजना के डूब क्षेत्र में आने वाले गांवों के प्रभावित खातेदारों एवं काश्तकारों के लिए मुआवजा वितरण को लेकर प्रशासन ने विशेष अपील जारी की है। भूमि अवाप्ति अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी जगदीश सिंह आशिया द्वारा जारी सूचना में बताया गया है कि कई प्रभावित काश्तकार ऐसे हैं जिन्हें अब तक मुआवजा राशि प्राप्त नहीं हो सकी है।
प्रशासन ने ऐसे सभी खातेदारों से आग्रह किया है कि वे अपने आवश्यक दस्तावेज, जैसे आधार कार्ड, बैंक पासबुक की डायरी एवं पैन कार्ड आदि, संबंधित तहसील कार्यालय या अपने क्षेत्र के पटवारी के पास शीघ्र जमा कराएं, ताकि सत्यापन के बाद उन्हें मुआवजा राशि का भुगतान किया जा सके।
उपखंड अधिकारी के अनुसार मुआवजा प्राप्त करने की अंतिम तिथि 5 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। यदि कोई काश्तकार निर्धारित तिथि तक अपने दस्तावेज जमा नहीं कराता है, तो उसकी मुआवजा राशि संबंधित न्यायालय (कोर्ट) में जमा करवा दी जाएगी। इसके बाद मुआवजा प्राप्त करने के लिए न्यायालयीन प्रक्रिया अपनानी होगी, जिससे अनावश्यक विलंब हो सकता है।
प्रशासन ने पुनः सभी प्रभावित खातेदारों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए समय रहते आवश्यक दस्तावेज जमा कर मुआवजा प्राप्त करें।