Explore

Search

August 28, 2026 12:35 pm

लेटेस्ट न्यूज़

55 लाख के हाईटेंशन लाइन कंडक्टर ड्रम चोरी: बिना भारी मशीनरी के संभव नहीं, मिलीभगत की आशंका

गोगुंदा। थाना क्षेत्र के ओबरा कला स्थित सोडिया घाटी में हाईटेंशन ट्रांसमिशन लाइन निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले 765 केवी लाइन के चार कंडक्टर ड्रमों की चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब 55 लाख रुपये मूल्य के इन भारी-भरकम ड्रमों को अज्ञात बदमाशों द्वारा चोरी कर ले जाने की घटना से निर्माण कंपनी और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
घटना की रिपोर्ट निर्माण कंपनी के मैनेजर संजय सिंह ने गोगुंदा थाने में दर्ज कराई। सूचना मिलते ही एएसआई प्रेम कुमार पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि इतने भारी कंडक्टर ड्रमों को बिना क्रेन, ट्रेलर या अन्य भारी वाहनों की मदद के ले जाना संभव नहीं है। ऐसे में यह घटना साधारण चोरी नहीं बल्कि सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई बड़ी वारदात मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, घटना में अंदरूनी जानकारी रखने वाले व्यक्तियों की भूमिका या किसी संगठित गिरोह की मिलीभगत से इनकार नहीं किया जा सकता।

स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि निर्माण स्थल की निगरानी, सुरक्षा प्रबंधन और सामग्री के रख-रखाव में कहीं न कहीं चूक या सांठगांठ की संभावना हो सकती है। इतनी बड़ी मात्रा में भारी सामग्री को हटाने के दौरान किसी की नजर न पड़ना भी कई सवाल खड़े करता है।

पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्ध वाहनों और गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। कंपनी मैनेजर संजय सिंह ने बताया कि चोरी हुए चारों कंडक्टर ड्रमों की अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपये है और यह क्षेत्र में बिजली लाइन निर्माण सामग्री की अब तक की सबसे बड़ी चोरी मानी जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस संगठित वारदात का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर