Explore

Search

October 25, 2026 3:18 am

गोगुंदा में PRI जनप्रतिनिधियों का प्रशिक्षण सम्पन्न, नियमित टीकाकरण पर दिया जोर

गोगुंदा। अर्पण सेवा संस्थान के तत्वावधान में गोगुंदा ब्लॉक में पंचायत राज संस्थाओं (PRI) के जनप्रतिनिधियों का एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका को सशक्त बनाते हुए नियमित टीकाकरण, जीरो डोज बच्चों की पहचान तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीसीएमओ डॉ. दिनेश मीणा, सरपंच लीला गमेती एवं उपसरपंच मीरा सुथार ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि गांव स्तर पर जनजागरूकता बढ़ाकर नियमित टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों एवं वार्डों में जीरो डोज बच्चों की पहचान कर उन्हें टीकाकरण से जोड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महंत श्री आनन्द नाथ महाराज ने “दवा एवं दुआ” दोनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए चिकित्सा के साथ सकारात्मक सोच और जनसहयोग भी आवश्यक है।

प्रशिक्षण के दौरान जिला समन्वयक पंकज भट्ट ने नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जन्म से 5 वर्ष तक बच्चों को सात चरणों में टीके लगाए जाते हैं, जो 11 प्रकार की गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करते हैं। उन्होंने टीकाकरण के बाद होने वाले सामान्य प्रतिकूल प्रभाव (AEFI) एवं उनके प्रबंधन के बारे में भी जानकारी दी और शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने की अपील की।

वक्ताओं ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों एवं युवा संगठनों की सक्रिय भागीदारी से ही गांवों का समग्र विकास संभव है। कार्यक्रम में फूलचंद सरेल, सीमा सुथार, कामिना पालीवाल, राजू लोहार, देवी सिंह सिसोदिया, फतेह लाल जोशी, अर्जुन सुथार, गणेश गायरी, सोहन सिंह मोहन दास, रूपसिंह, लोकेश सेन सहित बड़ी संख्या में PRI सदस्य एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक समन्वयक भंवर सिंह सिसोदिया ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर