Explore

Search

August 28, 2026 1:46 pm

लेटेस्ट न्यूज़

गोगुंदा व विसमा में विश्व आदिवासी दिवस पर भव्य आयोजन, पारंपरिक संस्कृति के साथ समाज सुधार व शिक्षा पर दिया गया जोर

गोगुंदा: जिले के गोगुंदा क्षेत्र में विश्व आदिवासी दिवस हर्षोल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। एक ओर राजस्थान भील समाज विकास समिति, ब्लॉक गोगुंदा के बैनर तले महाराणा प्रताप राजतिलक स्थली, गोगुंदा में भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ, वहीं दूसरी ओर आदिवासी एकता एवं विकास परिषद के बैनर तले ग्राम पंचायत विसमा में भी आदिवासी दिवस पर विशेष आयोजन किया गया।

गोगुंदा में आयोजित कार्यक्रम में पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज के बीच समाजजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता गोगुंदा प्रशासक कालूराम भील ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भील प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व उप प्रधान गोगुंदा पप्पू राणा भील उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में ब्लॉक अध्यक्ष भीमालाल भील, ब्लॉक सचिव भंवरलाल भील, ब्लॉक उपाध्यक्ष प्रकाश भील एवं समाजसेवी बालूराम भील सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

चौखला स्तर पर काछबा चौखला अध्यक्ष खमाणीलाल भील, उपाध्यक्ष नारायणलाल भील, सचिव भंवरलाल भील, खाखड़ी धूणी चौखला अध्यक्ष दिनेशदास भील, सचिव डालूराम भील, उपाध्यक्ष शंकरलाल भील एवं मोहनदास भील सहित अनेक प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। वरिष्ठ सदस्यों में प्रेमचंद भील, कैलाश भील, केसुलाल भील, कन्हैयालाल भील, डालाराम भील, पदमाराम भील, मोतीलाल भील, दीपाराम भील, शंकरलाल भील (घाटा), रूपलाल भील, ख्यालीलाल भील, अंबालाल भील, तेजुलाल भील, मानदास भील एवं अंबूदास भील सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां शबरी एवं वीर राणा पूंजा भील के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। साथ ही राणा पूंजा भील की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस दौरान चतराराम भील (खैरावास) द्वारा भीलू राणा की भूमिका की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।

वक्ताओं ने समाज सुधार, शिक्षा के प्रसार एवं कुरीतियों के उन्मूलन पर जोर दिया। मुख्य अतिथि पप्पू राणा भील ने कहा कि समाज को महापुरुषों के आदर्शों पर चलते हुए एकजुट रहकर प्रगति की ओर अग्रसर होना चाहिए। वहीं ब्लॉक सचिव भंवरलाल भील ने संस्कारित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को समाज के विकास की कुंजी बताया।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत विसमा में आदिवासी एकता एवं विकास परिषद के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में आदिवासी महिला, पुरुष एवं युवाओं ने भाग लिया। युवाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में आदिवासी संस्कृति से जुड़ी रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिससे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।

विसमा कार्यक्रम में परिषद अध्यक्ष मन्ना राम गमेती, गरासिया समाज अध्यक्ष चंद्रप्रकाश गरासिया, सचिव मालाराम गरासिया, इंटक अध्यक्ष गमाराम गरासिया, महामंत्री अंबालाल गरासिया, भील समाज चौखला अध्यक्ष छगनलाल गमेती, लक्ष्मीलाल गमेती, अंबालाल गमेती, लक्ष्मण गरासिया (पलां), रामचंद्र मेघवाल, भुरदास गमेती, भुराराम गरासिया, शंकर गरासिया, पनाराम गमेती सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इस अवसर पर आदिवासी समुदाय में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 100 से अधिक प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं भामाशाहों का सम्मान किया गया, जिससे युवाओं को प्रेरणा मिली।

दोनों आयोजनों में पारंपरिक संस्कृति, सामाजिक एकता और शिक्षा के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर