Explore

Search

August 28, 2026 12:35 pm

लेटेस्ट न्यूज़

लंबित मांगों को लेकर पटवारियों ने एसडीओ को सौंपा ज्ञापन : गोगुंदा-सायरा उपशाखा के पटवारियों ने जताया विरोध, मांगें पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी

प्राइम टाइम/गोगुंदा: राजस्थान पटवार संघ की विभिन्न लंबित मांगों एवं समस्याओं का निस्तारण नहीं होने के विरोध में संघ ने राज्यव्यापी आंदोलन शुरू किया है। इसी क्रम में मंगलवार को गोगुंदा एवं सायरा उपशाखा के माध्यम से पटवारियों ने गोगुंदा उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन राजस्व मंडल, अजमेर के निबंधक को उपखंड अधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया गया।

पटवार संघ के अनुसार आंदोलन के तहत डीसीएस गिरधारी ऐप में आवश्यक संशोधन करने, लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान करने तथा गिरदावरी कार्य की समय-सीमा बढ़ाने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई है। इसके अलावा पटवारी पद को तकनीकी पद घोषित करते हुए ग्रेड पे 3600 एवं पे-लेवल-10 देने की मांग की गई है।

पटवारियों ने पदोन्नति के नए अवसर सृजित करने तथा पटवारी से तहसीलदार पद तक 50 प्रतिशत पदोन्नति कोटा निर्धारित करने की मांग भी उठाई। वहीं बहुआयामी भत्ता, दोहरा कार्य भत्ता, विशेष भत्ता एवं स्टेशनरी भत्ते में बढ़ोतरी के साथ ग्रामीण क्षेत्र भत्ता एवं ट्रैवलिंग अलाउंस शुरू करने की मांग की गई।

ज्ञापन में बकाया पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने तथा भविष्य में समयबद्ध पदोन्नति के लिए कैलेंडर जारी करने की मांग भी शामिल है। साथ ही राजस्थान भू-राजस्व नियम, 1957 के नियम 9(2) को पुनर्स्थापित कर स्पष्ट एवं पारदर्शी स्थानांतरण नीति लागू करने की मांग की गई।

पटवार संघ ने कहा कि लंबे समय से मांगों एवं समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया जा रहा है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण संगठन को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। संघ ने मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाने की चेतावनी दी है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान पटवार संघ जिला शाखा के कोषाध्यक्ष दिग्विजय सिंह मेड़तिया, गोगुंदा उपशाखा अध्यक्ष अंकित पटेल, महामंत्री भेरूलाल देवासी, सायरा उपशाखा उपाध्यक्ष रोनित मसार सहित गोगुंदा उपखंड क्षेत्र के सभी पटवारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर