गोगुंदा। सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शारीरिक शिक्षक प्रकाश सुथार द्वारा संचालित ‘शिक्षा साथी’ अभियान के तहत इस शैक्षणिक सत्र में 2 हजार बच्चों तक निशुल्क नोटबुक एवं स्टेशनरी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

अभियान के तहत मंगलवार को गोगुंदा ब्लॉक के तीन राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को नोटबुक वितरित की गई। इनमें राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नाल, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मौखि तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय नयाखेड़ा शामिल हैं। इससे पूर्व अभियान की शुरुआत राजकीय प्राथमिक विद्यालय जोगी का खेत में विद्यार्थियों को नोटबुक एवं स्टेशनरी वितरित कर की गई थी।
प्रकाश सुथार ने बताया कि अभियान के माध्यम से क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत जरूरतमंद विद्यार्थियों तक लगातार शैक्षणिक सामग्री पहुंचाई जा रही है। पिछले वर्ष भी अभियान के तहत सैकड़ों बच्चों को नोटबुक एवं अन्य स्टेशनरी उपलब्ध कराई गई थी।
उन्होंने बताया कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित नहीं हो, इसी उद्देश्य से अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। इस वर्ष सभी के सहयोग से 2 हजार बच्चों तक शैक्षणिक सामग्री पहुंचाने का लक्ष्य है। इसके लिए सक्षम लोगों एवं भामाशाहों से सहयोग लेकर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को लाभान्वित करने का प्रयास किया जा रहा है।