गोगुंदा। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर राधेश्याम ट्रेवल्स गोगुंदा की ओर से सामाजिक सरोकार की अनूठी पहल करते हुए माता-बहनों के लिए गोगुंदा से केलवाड़ा मार्ग पर निशुल्क यात्रा की व्यवस्था की गई।
रक्षाबंधन पर्व पर अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए आने-जाने वाली बहनों को सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ट्रेवल्स संचालक ओम सिंह चौहान द्वारा यह व्यवस्था की गई। निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलने से महिलाओं में खुशी का माहौल रहा। यात्रियों ने राधेश्याम ट्रेवल्स की इस पहल की सराहना करते हुए इसे रक्षाबंधन के अवसर पर सामाजिक जिम्मेदारी और भाई-बहन के प्रेम की भावना से जुड़ा सराहनीय कदम बताया।
स्थानीय लोगों ने कहा कि त्योहार के दौरान इस प्रकार की पहल जरूरतमंद यात्रियों के लिए काफी मददगार साबित होती है। गौरतलब है ओम सिंह कई वर्षों से रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए निःशुल्क बस सेवा देते आए है।

