उदयपुर। रक्षाबंधन के दिन शुक्रवार देर शाम फतेहसागर झील पर एक युवती ने जान देने की कोशिश की। घटना के दौरान मौके के पास मौजूद डॉक्टर नरेंद्र देवल, तहसीलदार रणजीत सिंह बिट्टू एवं अन्य लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार युवती मानसिक रूप से परेशान बताई जा रही थी। उसने परिजनों के लिए एक सुसाइड नोट छोड़कर घर से आने की बात भी कही। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने युवती को समझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसके बाद युवती को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, ताकि आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे सुरक्षित रूप से परिजनों को सौंपा जा सके। मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से युवती की जान बच गई।

