नकदी, सोने-चांदी के जेवर और बाइक लूट ले गए थे हथियारबंद बदमाश, पीड़ित परिवार आज भी न्याय के इंतजार में

गोगुंदा। उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के पुनावली में हुए दोहरे हत्याकांड के खुलासे के बाद अब ग्रामीणों की ओर से आरोपियों के विरुद्ध शख्त कार्यवाही की मांग की जा रही है साथ ही गांव में करीब एक साल से अधिक समय पहले हुई हथियारबंद लूट की सनसनीखेज वारदात का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। बदमाशों ने देर रात घर में घुसकर परिवार के सदस्यों को बंदूक की नोक पर बंधक बनाया और नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन सहित मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए थे। घटना के लंबे समय बाद भी आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार आज भी न्याय की आस लगाए बैठा है।
पुनावली निवासी मांगीलाल पुरोहित पुत्र पन्नालाल पुरोहित के घर में यह वारदात हुई थी। करीब एक साल से अधिक समय पहले देर रात करीब 1 बजे तीन हथियारबंद बदमाश जबरन घर में दाखिल हुए। उस समय मांगीलाल की पत्नी, भाभी और पुत्री घर में सो रही थीं। बदमाशों के पास बंदूक और चाकू जैसे हथियार थे। हथियारों के बल पर उन्होंने परिवार के सदस्यों को डरा-धमकाकर एक कमरे में बंधक बना लिया।
इसके बाद बदमाशों ने घर की अलमारियों और बक्सों को खंगाला तथा वहां रखी नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। इसके अलावा घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल भी लूटकर ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को कमरे में बंद कर दिया और धमकी दी कि सुबह तक यदि कोई बाहर निकला तो जान से मार देंगे।

दहशत के चलते परिवार के सदस्यों ने पूरी रात कमरे में ही गुजारी। सुबह करीब 7 बजे हिम्मत जुटाकर किसी तरह बाहर निकले और पड़ोसियों व ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर सायरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पीड़ित परिवार की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
एक साल बाद भी नहीं मिला आरोपियों और लूटे माल का सुराग
घटना को एक साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक न तो आरोपियों का खुलासा हुआ है और न ही लूटी गई नकदी व जेवरात का कोई सुराग मिल पाया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि वारदात के बाद उन्हें उम्मीद थी कि पुलिस जल्द आरोपियों तक पहुंचेगी, लेकिन लंबा समय बीतने के बावजूद मामले में ठोस परिणाम सामने नहीं आया। परिवार आज भी न्याय और अपनी लूटी गई संपत्ति की बरामदगी का इंतजार कर रहा है।

दोहरे हत्याकांड के खुलासे के बाद ग्रामीणों को नई उम्मीद
पुनावली के ग्रामीणों को अब उदयपुर एसपी अमृता दुहन एवं डीवाईएसपी छगन लाल पुरोहित के कुशल नेतृत्व और सायरा के नवीन थानाधिकारी शैतान सिंह नाथावत की त्वरित कार्यवाही की पहचान से इस मामले के खुलासे की उम्मीद बंधी है। ग्रामीणों का कहना है कि हाल ही में पुनावली के दोहरे हत्याकांड की जांच में पुलिस ने जिस मुस्तैदी और लगन के साथ तफ्तीश करते हुए आरोपियों तक पहुंचकर वारदात का खुलासा किया, उसी तरह एक साल पूर्व हुई इस हथियारबंद लूट की वारदात का भी खुलासा किया जाना जरूरी है।
ग्रामीणों का कहना है कि हथियारबंद बदमाशों द्वारा परिवार को बंधक बनाकर की गई इस वारदात से गांव में दहशत का माहौल बना था। ऐसे में लंबे समय से मामले का खुलासा नहीं होने से ग्रामीणों में भी चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि नए थानाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की दोबारा गंभीरता से पड़ताल कर आरोपियों तक पहुंचेगी।

