Explore

Search

October 25, 2026 12:52 am

गोगुंदा की शातिर नकबजनी गैंग के 5 सदस्य गिरफ्तार: 30 से अधिक वारदातों का खुलासा, पाली पुलिस की कार्रवाई में मुख्य सरगना सहित आरोपी पकड़े

गोगुंदा की शातिर नकबजनी गैंग के 5 सदस्य गिरफ्तार: 30 से अधिक वारदातों का खुलासा, पाली पुलिस की कार्रवाई में मुख्य सरगना सहित आरोपी पकड़े

उदयपुर। पाली जिला पुलिस एवं साइबर सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उदयपुर जिले के गोगुंदा-सायरा क्षेत्र से जुड़ी नकबजनी गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ में पाली, सिरोही, राजसमंद और उदयपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में चोरी, नकबजनी तथा मंदिर परिसरों से चंदन के पेड़ चोरी करने की 30 से अधिक वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त एक ईको वाहन भी जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक पाली मोनिका सेन के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की। जांच में गैंग का संचालन मुख्य रूप से गोगुंदा थाना क्षेत्र से जुड़े आरोपियों द्वारा किए जाने की बात सामने आई।

मजदूरी की आड़ में करते थे रेकी

पुलिस के अनुसार आरोपी दिन में पत्थर घिसाई अथवा कमठा मजदूरी के बहाने गांवों में घूमते और मोटरसाइकिल या कार से सूने मकानों व मंदिरों की रेकी करते थे। रात में मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाता था।

वारदात के दौरान आरोपी आसपास के मकानों के दरवाजों पर बाहर से कुंडी लगा देते थे, ताकि लोग तत्काल बाहर नहीं निकल सकें। सीसीटीवी से बचने के लिए वाहन घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल या सुनसान स्थान पर खड़े कर कच्चे रास्तों से पैदल वारदात स्थल तक पहुंचते थे।

गोपिया उर्फ गोपी लाल गैंग का सरगना

गिरफ्तार आरोपियों में गोगुंदा थाना क्षैत्र के रावलिया खुर्द निवासी गोपाल पुत्र हरजा (31), नाल निवासी बंशी पुत्र अणदाराम (24), उमा उर्फ उमेश पुत्र अणदाराम (22), सुरेश पुत्र धना (26) तथा गोपिया उर्फ गोपी लाल (26) शामिल हैं। पुलिस ने नाल निवासी गोपिया उर्फ गोपी लाल को गैंग का सरगना बताया है।

रोहिणी माता मंदिर चोरी का खुलासा

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पाली जिले के गुड़ा एंदला थाना क्षेत्र स्थित रोहिणी माता मंदिर में 31 जुलाई और 1 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि हुई चोरी की वारदात को भी अंजाम दिया था। मंदिर के ताले तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी की गई थी। मामले में प्रकरण संख्या 180/2026 दर्ज है।

कई जिलों में चंदन के पेड़ चोरी

जांच में गैंग की संलिप्तता सादड़ी, देसूरी, सिरोही, राजसमंद के नाथद्वारा तथा महाराष्ट्र के सूरसूत क्षेत्र में मंदिरों एवं अन्य परिसरों से चंदन के पेड़ काटकर चोरी करने की घटनाओं में भी सामने आई है।

वहीं पिंडवाड़ा, रानी, सादड़ी, सुमेरपुर, नाडोल और रोहट क्षेत्र में बंद मकानों में सेंधमारी की 30 से अधिक वारदातों में भी आरोपियों की भूमिका सामने आने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

गोगुंदा पुलिस के दो कांस्टेबलों की अहम भूमिका

गैंग के खुलासे में पाली पुलिस एवं साइबर सेल के साथ उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना के कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह एवं राजेंद्र के स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण योगदान की बात सामने आई है। दोनों कांस्टेबलों ने गोगुंदा-सायरा क्षेत्र सहित विभिन्न जिलों में फैले नेटवर्क से जुड़ी सूचनाएं जुटाने और पुलिस टीम को आरोपियों तक पहुंचाने में लगातार सहयोग किया। मुख्य सरगना तक पहुंच बनाने में भी दोनों की भूमिका बताई गई है।

पुलिस की आमजन से अपील

पुलिस ने आमजन से घरों में रखे कीमती आभूषण सुरक्षित स्थान अथवा बैंक लॉकर में रखने की अपील की है। साथ ही गांव एवं मोहल्ले में किसी अनजान या संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा है। पुलिस के अनुसार अपराधी ऐसे सूने मकानों को निशाना बनाते थे, जहां बड़ी मात्रा में आभूषण रखे होने की जानकारी मिलती थी।


प्राइम टाइम राजस्थान | आपकी आवाज आपका विश्वास
www.primetimerajasthan.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर