गोगुंदा (उदयपुर): कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में गोगुंदा कस्बे में देशभक्ति और सम्मान का भावपूर्ण आयोजन किया गया। इस अवसर पर मेवाड़ क्षत्रिय महासभा संस्थान, गोगुंदा के तत्वावधान में सेवानिवृत्त सेना अधिकारी कर्नल भंवर सिंह राठौड़ का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर मेवाड़ क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष करण सिंह झाला ने कर्नल राठौड़ के सैन्य योगदान और राष्ट्र सेवा के प्रति उनके समर्पण को सराहा तथा कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान कर्नल भंवर सिंह राठौड़ ने सभी गोगुंदा वासियों को कारगिल विजय दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध हमारे सैनिकों के अदम्य साहस, वीरता और बलिदान का प्रतीक है। युवाओं से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि देश सेवा को जीवन का लक्ष्य बनाएं और मातृभूमि की रक्षा व विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा केवल सेना की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है।

इस अवसर पर मेवाड़ क्षत्रिय महासभा संस्थान, गोगुंदा के अध्यक्ष करण सिंह झाला, गोगुंदा के उपसरपंच लालकृष्ण सोनी, सुरेश लोहार, जयदीप सिंह, भगवती लाल तेली, विपुल लोहार सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने वीर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए देशभक्ति के भाव को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।