Explore

Search

August 28, 2026 1:51 pm

लेटेस्ट न्यूज़

कृषि विभाग: पालीवाल ने पहाड़ियों में खोजा ‘ट्री मैन ऑफ गोगुंदा’ : बंजर जमीन को बनाया कमाई का जरिया, 50 की उम्र में किसान बना युवाओं के लिए प्रेरणा

प्राइम टाइम/गोगुंदा: जहां अक्सर विपरीत परिस्थितियां इंसान को निराश कर देती हैं और रोजगार के साधन सीमित नजर आते हैं, वहीं गोगुंदा क्षेत्र के एक किसान ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से बंजर जमीन को ही आय का मजबूत जरिया बनाकर सफलता की मिसाल पेश की है।
क्षेत्र के मजावड़ी गांव निवासी 50 वर्षीय किसान जीतू भाई कुम्हार आज “ट्री मैन ऑफ गोगुंदा” के रूप में पहचान बना चुके हैं। उन्होंने कठिन हालातों से संघर्ष करते हुए खेती को अपनाया और अब वे एक सफल व्यवसायिक किसान के रूप में उभरकर सामने आए हैं।


जीतू भाई ने बताया कि वे पहले गुजरात में नौकरी करते थे, जहां सीमित आय में परिवार का भरण-पोषण मुश्किल से हो पाता था। वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान नौकरी छूटने के बाद वे गांव लौट आए। रोजगार का कोई स्थायी साधन नहीं होने पर उन्होंने खेती को अपनाने का निर्णय लिया।
शुरुआत में उनकी जमीन पहाड़ी और बंजर थी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। जैविक खाद का उपयोग कर तथा कृषि विभाग की सहायता से समय-समय पर मिट्टी की जांच कराकर जमीन को उपजाऊ बनाया। इसके बाद उन्होंने करीब 400 फलदार पौधों का रोपण किया और लगातार दो वर्षों तक कड़ी मेहनत व देखभाल से अपने बाग को विकसित किया।
आज उनके खेत में कटहल, जामुन, चिकू और विभिन्न किस्मों के आम के सैकड़ों पेड़ तैयार हो चुके हैं। इसके साथ ही वे सब्जियों का उत्पादन भी कर रहे हैं, जिन्हें बाजार में बेचकर अच्छी आमदनी अर्जित कर रहे हैं।
सहायक कृषि अधिकारी तुषार पालीवाल ने बताया कि जीतू भाई ने अपनी लगन और मेहनत से पहाड़ी क्षेत्र में फलदार पौधों की सफल खेती कर आय के नए रास्ते खोले हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और खेती के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मजबूत संदेश देती है।
जीतू भाई की यह सफलता कहानी न केवल स्थानीय किसानों के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह भी साबित करती है कि सही मार्गदर्शन और मेहनत से बंजर जमीन को भी सोना बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर