Explore

Search

August 28, 2026 1:54 pm

लेटेस्ट न्यूज़

खेत में किसान पर लेपर्ड का हमला, बंदरों के झुंड ने बचाई जान

गोगुंदा (उदयपुर)। क्षेत्र के लोसींग गांव में बुधवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां खेत में काम कर रहे एक किसान पर अचानक लेपर्ड ने हमला कर दिया। गनीमत रही कि पास में मौजूद बंदरों के झुंड और ग्रामीणों के शोर के कारण लेपर्ड मौके से भाग गया और किसान की जान बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोसींग निवासी वार्ड पंच तुलसीराम पालीवाल (55) बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे अपने खेत में गेहूं की फसल की कटाई कर रहे थे। कार्य के बाद वह पेड़ की छांव में आराम कर रहे थे, तभी झाड़ियों में छिपे लेपर्ड ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
तुलसीराम ने बताया कि लेपर्ड ने उनकी गर्दन पर पंजा मारा, जिससे वह घबरा गए। इसी दौरान पास के पेड़ पर बैठे बंदरों का झुंड जोर-जोर से शोर मचाते हुए वहां पहुंच गया। साथ ही आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण भी शोर करने लगे।
बताया जा रहा है कि दो बंदर आगे आकर लेपर्ड के सामने डट गए, जिससे वह घबरा गया और किसान को छोड़कर मौके से भाग निकला।
हमले में तुलसीराम के हाथ और पीठ पर मामूली खरोंचें आई हैं। घटना के बाद ग्रामीण उन्हें तुरंत लोसींग के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देकर लेपर्ड को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर