प्राइम टाइम/गोगुंदा: जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ग्राम रथ अभियान के तहत बुधवार को किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र के दादिया, झाड़ोली, जसवंतगढ़ और विजयाबावड़ी ग्राम पंचायतों में ग्राम रथ पहुंचा, जहां ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से रथ का पूजन कर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान कला जत्था के कलाकारों ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण विकास और जनजागरण विषयों पर आधारित आकर्षक नाट्य प्रस्तुतियां दीं, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी सरल और रोचक तरीके से प्राप्त हुई। दादिया में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सांसद मन्नालाल रावत और गोगुंदा विधायक प्रतापलाल गमेती, तहसीलदार प्रवीण कुमार सैनी, पूर्व उपप्रधान लक्ष्मण सिंह झाला, पूर्व उपप्रधान पप्पू राणा, सरपंच किशन लाल गमेती, चंद्रेश गमेती, एबीडीओ देवेंद्र कंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
अंतिम छोर तक पहुंच रही योजनाएं
अभियान का उद्देश्य राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण विकास कार्यक्रमों तथा किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण परिवारों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
13 विभागों की योजनाओं का प्रसार
ग्राम रथ अभियान के माध्यम से कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज और ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंचाई जा रही है। साथ ही प्रत्येक ग्राम रथ में सुझाव पेटिका भी लगाई गई है, जिससे ग्रामीण अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचा सकें।
गुरुवार को इन गांवों में पहुंचेगा ग्राम रथ
गुरुवार को गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र के छाली, मजावद, काछवा और मोरवल गांवों में ग्राम रथ अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।