प्राइम टाइम/गोगुंदा: थाना क्षेत्र से लापता तुलसी राम गमेती की तलाश को लेकर मंगलवार को पुलिस प्रशासन ने व्यापक सर्च अभियान चलाया। उदयपुर एडिशनल एसपी गोपालस्वरूप मेवाड़ा, डीवाईएसपी गोपाल चंदेल, गोगुंदा थानाधिकारी श्याम सिंह चारण एवं एसआईटी टीम के संयुक्त नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया।
पुलिस टीम ने कुंडाऊ, मजावद, पाटिया सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में गहन तलाशी अभियान चलाया। जानकारी के अनुसार तुलसी राम गमेती अपने गांव कुंडाऊ निवासी वेणी सिंह के साथ मजदूरी के लिए गया था, लेकिन उसके बाद से वह लापता है। इस घटना को करीब 50 दिनों से अधिक समय बीत चुका है।
मामले को लेकर आदिवासी समाज में भी आक्रोश देखने को मिला है। समाज के लोगों ने पूर्व में उदयपुर एसपी कार्यालय एवं गोगुंदा उपखंड कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की थी।
इधर, दो दिन पूर्व लापता तुलसी राम की पत्नी कमला बाई ने अपने गांव में पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि पुलिस इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। घटना के बाद पुलिस ने एसआईटी गठित की है और सर्च अभियान तेज कर दिया है।
हालांकि लगातार प्रयासों के बावजूद अब तक तुलसी राम गमेती का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद है।