सायरा, 15 जुलाई: ग्राम पंचायत सायरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) के सायरा ब्लॉक की 21 स्वयं सहायता समूहों (SHG) को एचडीएफसी बैंक के माध्यम से कुल ₹77 लाख का ऋण वितरित किया गया। इस क्रेडिट लिंकेज से समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार गतिविधियों के विस्तार और आजीविका संवर्धन में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम में तहसीलदार सुरेश मेहता, विकास अधिकारी महीप सिंह, ग्राम पंचायत सचिव मोहन, राजीविका गोगुंदा के ब्लॉक प्रोजेक्ट मैनेजर आकाश शर्मा, एचडीएफसी बैंक शाखा प्रबंधक प्रिंस वर्गिस तथा अमर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
यह चेक वितरण कार्यक्रम राजीविका सायरा ब्लॉक की ब्लॉक प्रोजेक्ट मैनेजर सपना के निर्देशन में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम के संचालन एवं लाभार्थी महिलाओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने में ब्लॉक स्टाफ की कमला एवं संगीता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र हितग्राहियों को प्रदान किया गया। इसी क्रम में रोजगार उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही जॉब कार्ड वितरित किए गए, जिससे उन्हें योजनाओं का त्वरित लाभ मिल सके।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों ने महिलाओं को ऋण राशि का सदुपयोग कर आत्मनिर्भर बनने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।