प्राइम टाइम/गोगुंदा: उदयपुर जिले के गोगुंदा उपखंड क्षेत्र के जोगियों का गुड़ा में मंगलवार को तेंदुए ने एक महिला पर हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार जोगियों का गुड़ा निवासी प्यारी बाई पत्नी रोड़ा गमेती उम्र 50 वर्ष स्कूल भवन के पास स्थित वन विभाग क्षैत्र में अपने पालतू पशुओं के लिए घास काट रही थी इसी दरमियान झाड़ियों में घात लगाकर बैठे तेंदुए ने अचानक महिला पर धावा बोल दिया। हमले में महिला के गले में तेंदुए के नाखूनों के निशान बन गए और वो गंभीर घायल हो गई। महिला के चिल्लाने से आसपास के ग्रामीण दौड़े जिन्होंने महिला को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। काछबा के समाजसेवी अम्बा लाल गमेती ने वन विभाग की टीम को सुचित किया। टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और पिंजरा लगाने की कार्यवाही शुरू की। तेंदुए के हमले से जोगियों का गुड़ा गांव के ग्रामीण डरे हुए है और आगे कोई अनहोनी नहीं हो उसके लिए प्रशासन से जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने की गुहार लगा रहे है। प्रशासन ने त्वरित कार्यवाही करते हुए घटनास्थल के पास पिंजरा लगाया है।
*गोगुंदा में तेंदुए के हमले में एक माह में 8 जाने गई*
पिछले दिनों एक तेंदुए ने एक महीने के दौरान गोगुंदा और उसके आसपास के क्षेत्र में पांच साल की बच्ची से लेकर 60 साल तक की बुजुर्ग समेत आठ लोगों शिकार किया था। अंत में मदार क्षैत्र के जंगलों में पुलिस की गोली से आदमखोर तेंदुए का अंत किया गया।
इनका कहना है
“घटना की सूचना के बाद मौके पर टीम भेजी। घटनास्थल का जायजा लेकर पिंजरा लगाया है”
जयवर्धन सिंह रेंजर, गोगुंदा