Explore

Search

August 28, 2026 1:51 pm

लेटेस्ट न्यूज़

घोड़े पर बिंदोली निकालकर गोगुंदा थानाधिकारी श्याम सिंह चारण को दी भावभीनी विदाई

 डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में सुदृढ़ की कानून व्यवस्था, स्थानांतरण पर उमड़ा जनसैलाब
गोगुंदा: उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना परिसर में शुक्रवार को भावनात्मक और यादगार माहौल देखने को मिला, जब थानाधिकारी श्याम सिंह चारण के बांसवाड़ा स्थानांतरण पर भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में थाना स्टाफ, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

 

ग्रामीणों ने अनूठे अंदाज में सम्मान व्यक्त करते हुए थानाधिकारी को घोड़े पर सवार कराया और गाजे-बाजे के साथ बिंदोली निकालकर विदाई दी। इस दौरान उन्हें साफा पहनाकर तथा फूलमालाओं से लादकर सम्मानित किया गया। समारोह में उपस्थित लोगों ने चारण के करीब डेढ़ वर्ष के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ आमजन के साथ बेहतर संवाद कायम किया। उनकी सरल कार्यशैली, मिलनसार स्वभाव और निष्पक्ष पुलिसिंग के कारण वे क्षेत्रवासियों के बीच विशेष पहचान बना सके।

दो चुनौतीपूर्ण मामलों का किया सफल खुलासा

समारोह को संबोधित करते हुए निवर्तमान थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने अपने कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि इस दौरान दो घटनाएं पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनीं। उन्होंने बताया कि एक मामला राह चलते चाकूबाजी का था, जिसमें आरोपी का कोई सुराग नहीं था, जबकि दूसरा मामला एक बुजुर्ग महिला के अपहरण से जुड़ा था। दोनों ही घटनाएं ब्लाइंड केस थीं, लेकिन पुलिस टीम, आमजन और सहयोगियों के संयुक्त प्रयासों से समय पर उनका खुलासा किया गया और पीड़ितों की जान बचाई जा सकी।

चारण ने अपने संबोधन में क्षेत्रवासियों, पुलिस स्टाफ, मीडिया, अधिवक्ता समुदाय और न्यायपालिका का आभार जताते हुए कहा कि गोगुंदा में उनका कार्यकाल सहयोग और शांति के माहौल में बीता। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नम आंखों से उन्हें विदाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर नवनियुक्त थानाधिकारी प्रवीण राजपुरोहित, सहायक उपनिरीक्षक विनेश कुमार, प्रदीप कुमार, योगेंद्र सेनी, सत्यनारायण सहित समस्त पुलिस स्टाफ एवं जनप्रतिनिधि ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर